नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में सर्वोच्च अदालत ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस फैसले के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार की अपील खारिज कर दी है, जिसमें आजम खान की सजा पर रोक लगा दी गई थी।
मंगलवार को सुनवाई के दौरान जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने आजम खान की पत्नी तजीन फातमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी राहत दी है। अदालत ने उनकी ओर से दायर अपीलों को स्वीकार कर लिया है। इन दोनों ने भी हाई कोर्ट से इसी तरह की राहत नहीं मिलने के फैसले को चुनौती दी थी।
क्या है मामला?
अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह मामला तीन जनवरी 2019 का है, जब बीजेपी नेता आकाश सक्सेना ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आजम खान और उनकी पत्नी ने अपने बेटे अब्दुल्ला आजम खान के दो जन्म प्रमाणपत्र बनवाए थे। सक्सेना वर्तमान में रामपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हैं।
इसके बाद रामपुर की सत्र अदालत ने तीनों को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 (मूल्यवान प्रतिभूति की जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी), 471 (जाली दस्तावेज को असली के रूप में इस्तेमाल करना), 472 (जालसाजी के इरादे से नकली मुहर आदि बनाना या रखना) और 120-बी (आपराधिक साजिश) के तहत दोषी ठहराया था और तीनों को सात-सात साल के कारावास की सजा सुनाई थी।

