ओमान में खेले गए अंडर 19 एशिया कप के फ़ाइनल में जीत के बाद भारतीय टीम के जश्न मनाने के तरीक़े पर सोशल मीडिया पर काफ़ी बहस हो रही है.
कुछ लोग भारतीय टीम के खिलाड़ियों का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ लोगों का कहना है कि खेल के मैदान में इस तरह के जश्न से बचना चाहिए.
ख़ासकर पाकिस्तान के क्रिकेट फ़ैंस, पूर्व क्रिकेटर और एक्सपर्ट भारतीय टीम के जश्न मनाने के तरीक़े पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
दरअसल, भारतीय टीम के युवा प्लेयर्स ने जीत के बाद काफ़ी आक्रामक अंदाज़ में जश्न मनाया. कुछ खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों के सामने जाकर जश्न मनाते देखे गए.
इस दौरान भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ़ खिलाड़ियों को शांत कराते और उन्हें ग्राउंड से बाहर की ओर ले जाते दिखे. कुछ खिलाड़ी पाकिस्तान की टीम की ओर इशारेबाज़ी करते हुए भी नज़र आए.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी इस मामले पर बयान जारी किया है.
बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने भारतीय टीम का समर्थन किया है. उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "यह भारतीय टीम का भाव और उनकी फ़ाइटिंग स्प्रिट दिखता है."
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, "कड़ा मुक़ाबला हुआ, यह मैच भारत के हाथ में नहीं था. अगर आप देखेंगे तो 280 के आसपास आठ विकेट गिर गए थे और गेंद भी काफ़ी कम बची थीं. उस स्थिति से भारत की टीम जीती है, इससे लगता है कि भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है."
ऊनहोने कहा, "ऐसे मुश्किल मैच में जब वह जीते हैं तो उसके बाद थोड़ा जश्न मनाना बनता है और इसके लिए सबको मंज़ूरी देनी होगी. वो लोग जिस तरह से जीते हैं तो मुझे लगता है कि उनका जश्न जायज़ है."
शनिवार को अंडर 19 एशिया के फ़ाइनल मुक़ाबले में मैच का फ़ैसला आख़िरी गेंद पर हुआ. भारत ने यह मैच एक विकेट से जीता.
हालांकि मैच में एक वक़्त ऐसा आया था, जब लगा था कि टीम इंडिया के हाथ से मैच निकल गया है.
लेकिन टीम के लोअर ऑर्डर के बैटर्स ने उम्मीद बनाए रखी और अंत में टीम इंडिया चैंपियन बनी.
भारतीय टीम के इस तरह जश्न मनाने पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स ने आलोचना की है
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहज़ाद ने एक्स पर लिखा, "टूर्नामेंट जीतने के लिए भारत को बधाई और शानदार प्रदर्शन के साथ पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन क्रिकेट खेलने के लिए पाकिस्तान अंडर-19 टीम को भी श्रेय जाता है. हालांकि, जीत का जश्न ख़ुशी के साथ मनाया जाना चाहिए, न कि आक्रामकता दिखाकर या बेवजह दुश्मनी बढ़ाकर. ये युवा खिलाड़ी हैं और उन्हें यह सिखाना ज़रूरी है कि खेल की भावना जीत और हार से कहीं बढ़कर होती है."
उन्होंने आगे लिखा, "दुर्भाग्य से, सीनियर खिलाड़ियों ने कुछ ऐसी परंपराओं को आगे बढ़ाया है, जिन्हें बदलने की ज़रूरत है. अब समय आ गया है कि हम ख़ुद को बदलें, विरोधी टीम का सम्मान करें और खेल भावना को अपनाएं. गर्व के साथ जीतें, पूरे जोश के साथ मुक़ाबला करें, लेकिन हमेशा खेल का सम्मान करें."

