बीजिंग: चीन का सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स अरुणाचल प्रदेश में एलएसी पर शुरू हुए गश्त विवाद को लेकर भारत के खिलाफ जहर उगला है। उसने विशेषज्ञों के हवाले से आरोप लगाया है कि चीनी सेना के खिलाफ भारत के पेट्रोलिंग के आरोप 'बेबुनियाद' हैं और यह 'घरेलू राजनीति के लिए एक टैक्टिकल पैंतरा' है। वही, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चीन दोनों देशों के बीच हुए जरूरी समझौतों और आम समझ का सख्ती से पालन करता है, और बॉर्डर इलाकों में अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता और स्थिरता की रक्षा के लिए नॉर्मल बॉर्डर पेट्रोलिंग और कंट्रोल एक्टिविटी करता है।
चीनी विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
गुओ ने कहा, "हमें उम्मीद है कि भारत, दोनों पक्षों के बीच बनी आम सहमति को संयुक्त रूप से लागू करके और ठोस कदमों के जरिए सीमावर्ती इलाकों में शांति व स्थिरता बनाए रखकर, चीन के साथ उसी दिशा में काम करेगा।" गलवान घाटी में हुई 2020 की जानलेवा झड़पों और उसके बाद चार साल से भी ज़्यादा समय तक चले सैन्य टकराव के कारण भारत और चीन के रिश्तों में काफी तनाव आ गया था। इस तनाव के बाद, अपने संबंधों को फिर से सुधारने के लिए पिछले एक साल में दोनों देशों ने कई कदम उठाए हैं।
भारत ने चीन पर लगाए गंभीर आरोप
पिछले हफ्ते नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर स्थिति समय-समय पर बिगड़ जाती है, जब चीनी सेना स्थापित गश्ती पैटर्न से हट जाती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास के लिए सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखना बहुत जरूरी है। उन्होंने यह टिप्पणी एक सवाल के जवाब में की, जो भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के इस बयान के संदर्भ में पूछा गया था कि अरुणाचल प्रदेश में सीमा पर कई स्थानों पर चीनी सैनिकों के साथ टकराव की घटनाएं लगातार हो रही हैं।
ग्लोबल टाइम्स ने विवाद को भारत की घरेलू राजनीति से जोड़ा
ग्लोबल टाइम्स से बात करते हुए सिंघुआ यूनिवर्सिटी के नेशनल स्ट्रैटेजी इंस्टीट्यूट में रिसर्च डिपार्टमेंट के डायरेक्टर कियान फेंग ने एलएसी पर पैदा हुए नए तनाव को लेकर भारत पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत ने बिना सबूत के सार्वजनिक आरोप लगाया, जो उसकी पेट्रोलिंग के मुद्दों पर एक सोची-समझी रणनीति है। उन्होंने इसे भारत की घरेलू राजनीति से भी जोड़ा और कहा कि बॉर्डर के मुद्दों को द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की रफ़्तार को रोकने से रोकने के लिए, भारत को मौजूदा बॉर्डर मैनेजमेंट समझौतों का पालन करना चाहिए और नई दिल्ली में दोनों नेताओं की मीटिंग के दौरान बनी आम सहमति को लागू करना चाहिए।
भारत से गलतफहमियों से बचने की अपील की
उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्षों को मतभेदों को मैनेज करने, उन गलतफहमियों से बचने के लिए जो बड़े द्विपक्षीय संबंधों पर असर डाल सकती हैं, मौजूदा डिप्लोमैटिक और मिलिट्री कम्युनिकेशन सिस्टम पर भरोसा करते रहना चाहिए। कियान ने कहा कि अलग-अलग सीमा विवादों को बड़े द्विपक्षीय संबंधों पर असर डालने से रोकने के लिए, सीमा मुद्दों को दोनों देशों के विशेष प्रतिनिधियों के बीच बातचीत सहित स्थापित तरीकों से सुलझाया जाना चाहिए, न कि अलग-अलग विवादों को पूरे संबंधों पर असर डालने देना चाहिए।

