वॉशिंगटन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एंथ्रोपिक पीबीसी अपना इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO लाने की प्लानिंग कर रही है। इसके लिए कंपनी ने अमेरिका के सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के पास आवेदन यानी रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा किया है।
कंपनी अपने क्लास A कॉमन स्टॉक को नैस्डैक ग्लोबल सेलेक्ट मार्केट पर टिकर सिंबल 'ANT' के तहत लिस्ट करना चाहती है।
एंथ्रोपिक के IPO से जुड़ी बड़ी बातें
एंथ्रोपिक ने फिलहाल आईपीओ के तहत बेचे जाने वाले शेयरों की संख्या या उनके संभावित प्राइस बैंड का खुलासा नहीं किया है। इस ऑफरिंग में कंपनी नए शेयर्स जारी करेगी। इसके साथ ही मौजूदा शेयरहोल्डर्स भी इस इश्यू में अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
शेयरहोल्डर्स के बेचे जाने वाले शेयरों से मिलने वाली रकम पर एंथ्रोपिक का कोई अधिकार नहीं होगा। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस पेशकश से पहले उसके क्लास A कॉमन स्टॉक के लिए कोई पब्लिक मार्केट मौजूद नहीं था।
कंपनी की वित्तीय स्थिति: रेवेन्यू, घाटा और खर्च
फाइलिंग में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, एंथ्रोपिक ने इस साल की पहली छमाही के लिए $16.3 बिलियन का रेवेन्यू दर्ज किया है। हालांकि, इसी अवधि के दौरान कंपनी को $80.7 बिलियन का कुल शुद्ध घाटा यानी नेट लॉस भी हुआ है।
फ्यूचर फाइनेंशियल रिस्क और गूगल से पार्टनरशिप
कंपनी ने अपनी फाइलिंग में निवेशकों को आगाह करते हुए कहा है कि वह भविष्य में मुनाफा कमाने या उसे बनाए रखने में असमर्थ भी हो सकती है। यह चेतावनी एआई इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर हो रहे निवेश और बिजनेस विस्तार से जुड़े वित्तीय जोखिमों को दर्शाती है।
एंथ्रोपिक ने यह भी कहा कि उसके बडे़ खर्चे वाले कमिटमेंट्स भी हैं, जिनमें 2033 तक गूगल के साथ लगभग $114.5 बिलियन खर्च करने का प्लान भी शामिल है।
IPO से $2 ट्रिलियन तक पहुंच सकती है वैल्यूएशन
एंथ्रोपिक के एंटरप्राइज बिजनेस का दायरा तेजी से बढ़ा है। कंपनी के पास पिछले 12 महीनों के आधार पर $1 मिलियन से ज्यादा रेवेन्यू देने वाले 1,900 से ज्यादा ग्राहक मौजूद हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस आईपीओ से एंथ्रोपिक की वैल्यूएशन $2 ट्रिलियन तक पहुंच सकती है, हालांकि कंपनी ने आधिकारिक तौर पर किसी वैल्यूएशन या ऑफरिंग शर्तों को कंफर्म नहीं किया है।
IPO के बुकरनर हैं गोल्डमैन सैक्स और मॉर्गन स्टेनली
गोल्डमैन सैक्स और मॉर्गन स्टेनली इस आईपीओ के बुकरनर हैं। एंथ्रोपिक की लिस्टिंग से वॉल स्ट्रीट पर यह टेस्ट होगा कि निवेशक एडवांस एआई मॉडल विकसित करने की हाई कॉस्ट के मुकाबले इस सेक्टर के ग्रोथ पोटेंशियल को कैसे आंकते हैं।
कंपनी ने मानवता के अस्तित्व के खतरों की चेतावनी दी
कंपनी ने अपनी फाइलिंग में एडवांस AI से जुड़े संभावित विनाशकारी और मानवता के अस्तित्व के खतरों की भी चेतावनी दी है। यह खुलासा AI सेफ्टी और ज्यादा कैपेबल होते सिस्टम्स से जुड़े संभावित परिणामों पर चल रही वैश्विक बहस को उजागर करता है।
क्या होता है SEC Form S-1?
जब भी कोई कंपनी अमेरिका में पब्लिक होना चाहती है यानी IPO लाती है, तो उसे US सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) के पास एक रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करना होता है, जिसे Form S-1 कहते हैं।
इसमें कंपनी के बिजनेस मॉडल, वित्तीय सेहत (रेवेन्यू/लॉस), प्रमोटर्स और भविष्य के संभावित जोखिमों की पूरी और सटीक जानकारी देना अनिवार्य होता है।

