माउंट मनगनुई: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले में टीम इंडिया ने लगातार 2 गेंदों पर कैच छोड़ दिए। यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के दूसरे ओवर में हुई। आकिब नबी ने लगातार दो गेंदों में विल यंग के बल्ले का बाहरी किनारा हासिल किया। हालांकि, पहले रोहित शर्मा फिर ईशान किशन ने कैच छोड़ दिया और भारत को कोई विकेट नहीं मिला। इस सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में भारत ने जीत हासिल की थी। दोनों मुकाबलों में भारत की फील्डिंग शानदार रही थी। हालांकि, चौथे मैच में भारत की फील्डिंग बेहद खराब रही है।
जब विल यंग को दो लगातार गेंदों पर जीवनदान मिले तब वह 5 रन के निजी स्कोर पर खेल रहे थे। हालांकि, उन्होंने जीवनदान मिलने के बाद अच्छे शॉट खेले और खबर लिखे जाने तक वह 10 रन के स्कोर पर खेल रहे थे।
कैसे छूटे दोनों कैच?
न्यूजीलैंड की पारी का दूसरा ओवर लेकर आकिब नबी आए थे। ओवर की पांचवीं गेंद विल यंग के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर पहली स्लिप में रोहित शर्मा के पास गई। रोहित आसानी से कैच पकड़ सकते थे। गेंद अच्छी हाईट में उनके पास पहुंची थी। रोहित के हाथ भी गेंद तक पहुंचे, लेकिन गेंद छिटक गई और रोहित कैच नहीं पकड़ पाए। ओवर की अगली गेंद पर भी विल यंग के बल्ले का बाहरी किनारा लगा। इस बार गेंद पहली स्लिप और विकेटकीपर के बीच गई। ईशान किशन ने डाइव लगाकर कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथ से भी छिटक गई। इस तरह विल यंग को दो गेंदों पर लगातार दो जीवनदान मिले।
भारत की गलती से सेट हुए दोनों बल्लेबाज
इस मैच में भारतीय टीम की गलती से दोनों बल्लेबाज सेट हुए पहले आकिब नबी ने अपने पहले ही ओवर में नो बॉल कर दी। इसका फायदा टिम सीफर्ट ने उठाया और शानदार छक्का लगाकर लय हासिल कर ली। इसके बाद वह रुके नहीं और लगातार बड़े शॉट खेलते रहे। सीफर्ट ने पावरप्ले खत्म होने से पहले ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया और न्यूजीलैंड टीम को भी बहुत अच्छी शुरुआत देकर बड़े स्कोर की नींव रख दी।

