इस्लामाबाद: पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी ने पाकिस्तान में नए राज्य बनाने के असीम मुनीर के प्लान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बिलावल ने चेतावनी दी कि सिंध को ताकत के जोर पर बांटने की कोशिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी। बिलावल के हालिया बयानों से साफ है कि उन्होंने अपनी ही पार्टी के समर्थन से चल रही शहबाज शरीफ की सरकार के खिलाफ आर-पार वाला रुख अख्तियार कर लिया है।
बिलावल ने मुनीर और शहबाज के हाइब्रिड सत्ता ढांचे को सिंध के बंटवारे के खिलाफ चुनौती दी। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी कदम बड़े पैमाने पर अशांति पैदा करेगा, जिसके अंजाम दशकों तक मुश्किल पैदा करेगा। बिलावल ने कहा, मैं कोई धमकी नहीं दे रहा, बल्कि खतरे की घंटी बजा रहा हूं।
बंटवारे पर हालात बिगड़ने की चेतावनी
पीपीपी चेयरमैन ने कहा कि अगर सरकार ने ताकत के जोर पर या जनमत संग्रह के जरिए फैसला थोपने की कोशिश की तो हालात बेकाबू हो सकते हैं। उन्होंने आगे कहा, "इस आग को बुझाने में शायद 30 साल और लग जाएं"। बिलावल ने गृह मंत्री मोहसिन नकवी पर भी निशाना साधा और कहा कि गृह मंत्री को आखिरकार उनसे ही मदद मांगनी पड़ सकती है।
बिलावल भुट्टी ने पाकिस्तानी टीवी चैनलों को कई इंटरव्यू दिए हैं और इस मुद्दे पर अपनी बात खुलकर रखी है। बिलावल ने राज्य के बंटवारे पर प्रस्तावित जनमत संग्रह को फर्जी बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, आप हर समय सबको बेवकूफ नहीं बना सकते। बिलावल ने सत्ताधारी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) पर भी सवाल उठाया और कहा कि इस मामले को पंजाब विधानसभा के जरिए बढ़ाने की चुनौती दी।
कराची की सड़कों पर खून बहेगा
बिलावल भुट्टो ने हाल ही में कराची प्रेस क्लब में कहा था कि अगर सिंध का बंटवारा किया गया तो कराची की सड़कों पर खून बहेगा। एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या यह धमकी है तो उन्होंने कहा कि "मैं किसी को धमकी नहीं दे रहा हूं। मैं इस मामले की संवेदनशीलता के बारे में वास्तविक तथ्यों को बता रहा हूं।"
उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान के संविधान में नए प्रांत बनाने की प्रक्रिया पहले से ही तय है। ऐसा कोई भी कदम संविधान के अनुसार ही उठाया जाना चाहिए। गृह मंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि मोहसिन नकवी को यह हक किसने दिया है कि पाकिस्तान की मौजूदा व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कई बार कहा है कि पाकिस्तान मौजूदा शासन ढह गया है और इसे रीसेट करने की जरूरत है।

