भोपाल। प्रदेश में वर्ष 2027 से चुनाव का सिलसिला प्रारंभ हो जाएगा। मई-जून में नगरीय निकाय और इसके साथ-साथ पंचायतों के चुनाव होंगे। कांग्रेस नगर निगम और नगर पालिका के चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक कर चुकी है।
दतिया उपचुनाव के बाद नगर परिषद के साथ जिला और जनपद पंचायतों चुनाव के लिए लगभग 10 हजार प्रत्याशी चिह्नित करने का काम प्रारंभ किया जाएगा।वर्ष 2022 में हुए नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को कई स्थानों पर प्रत्याशी नहीं मिले थे, जिसके कारण भाजपा के अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। कुछ स्थानों पर टिकट मिलने के बाद कांग्रेस प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया तो कुछ ने दलबदल कर लिया।
इस बार ऐसी कोई स्थिति न बने, इसके लिए पार्टी अभी से तैयारी कर रही है। सभी निकायों के पदाधिकारियों से कहा गया है कि एक स्थान के लिए कम से कम दो नाम रखें।
डमी प्रत्याशी प्रत्येक सीट के लिए होना चाहिए ताकि कोई गड़बड़ी हो तो विकल्प पार्टी के पास उपलब्ध रहे। महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत स्थान सुरक्षित रहते हैं इसलिए सभी वर्गों में चुनाव लड़ने योग्य महिलाओं को चिह्नित किया जाएगा।
पार्टी के महामंत्री संजय कामले का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की अध्यक्षता में नगर निगम और नगर पालिका के लिए बैठक हो चुकी हैं।
चूंकि, अभी सबका ध्यान दतिया उपचुनाव पर हैं इसलिए इसके बाद नगर परिषद, जिला और जनपद पंचायतों के चुनाव की तैयारी की जाएगी।











