रोजाना टहलना सबसे आसान शारीरिक गतिविधियों में से एक है। इसके लिए जिम या महंगे उपकरणों की जरूरत नहीं होती। लेकिन क्या आप जानते हैं कि नियमित वॉकिंग का फायदा केवल वजन और हार्ट हेल्थ तक सीमित नहीं है? यह दिमाग की कार्यक्षमता, याददाश्त, ध्यान लगाने की क्षमता और भावनात्मक सेहत को भी सहारा दे सकती है।
रिसर्च बताती हैं कि नियमित शारीरिक गतिविधि से ब्रेन में ब्लड सर्कुलेशन, नसों कार्यक्षमता और कुछ कॉग्नेटिव क्षमताओं में सुधार हो सकता है। खासकर बढ़ती उम्र में पैदल चलना ब्रेन हेल्थ को बनाए रखने की एक उपयोगी आदत हो सकती है। आइए समझते हैं कि रोजाना चलने से दिमाग को किस तरह फायदा मिल सकता है।
रोजाना टहलने से याददाश्त, एकाग्रता और सोचने की क्षमता को कैसे फायदा मिल सकता है?
दिमाग की सेहत के लिए केवल मानसिक गतिविधियां ही नहीं, शारीरिक गतिविधियां भी महत्वपूर्ण होती हैं। जब आप पैदल चलते हैं, तो शरीर की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं और दिल की धड़कन बढ़ती है। इससे शरीर में रक्त संचार बेहतर होता है और मस्तिष्क तक ऑक्सीजन तथा पोषक तत्वों की आपूर्ति को सहारा मिलता है।
एनसीबीआई के अनुसार एक रिव्यू में बुजुर्गों पर किए गए अध्ययन का विश्लेषण किया गया। इसमें नौ अध्ययनों में वॉकिंंग इंटरवेंशन के बाद कम से कम एक कॉग्नेटिव फंक्शन (Cognitive Function) में सुधार देखा गया। खासतौर पर छह अध्ययनों में एक्जिक्यूटिव फंक्शन और तीन में मेमोरी से जुड़े फायदे सामने आए। हालांकि, सभी अध्ययनों में एक जैसे परिणाम नहीं मिले। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि रोजाना टहलने से हर व्यक्ति की याददाश्त निश्चित रूप से बढ़ जाएगी।
वॉकिंंग के दौरान दिमाग में ब्लड फ्लो पर क्या असर पड़ता है?
हमारा दिमाग लगातार ऑक्सीजन और ग्लूकोज की जरूरत रखता है। इनकी आपूर्ति रक्त के जरिए होती है। जब आप चलते हैं, तो दिल की धड़कन और सांस लेने की गति बढ़ती है। इससे शरीर में रक्त संचार की मांग बढ़ती है। एनसीबीआई के अनुसार नियमित एरोबिक गतिविधियों से मस्तिष्क की नसों के काम करने की क्षमता में भी सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं। इसे सेरेब्रल ब्लड फ्लो यानी दिमाग में रक्त प्रवाह कहा जाता है। बेहतर रक्त प्रवाह मस्तिष्क की कोशिकाओं तक जरूरी ऑक्सीजन और पोषक तत्व पहुंचाने में मदद करता है।
क्या वॉकिंग दिमाग को खून पहुंचाने वाली ब्लड वैसल्स को स्वस्थ रखने में मदद करती है?
दिमाग तक ब्लड पहुंचाने वाली रक्त वाहिकाओं का स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है। उम्र बढ़ने, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और धूम्रपान जैसी स्थितियों के कारण इन वाहिकाओं में कठोरता बढ़ सकती है। इससे दिमाग तक रक्त पहुंचाने की प्रक्रिया प्रभावित होने का जोखिम रहता है।
नियमित एरोबिक एक्सरसाइज रक्त वाहिकाओं की कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने और उनकी कठोरता कम करने में मदद कर सकती है। इससे दिमाग में रक्त प्रवाह को नियंत्रित करने वाली प्रक्रिया को भी सहारा मिल सकता है।
एनसीबीआई के मुताबिक एक अध्ययन में 73 बुजुर्गों को शामिल किया गया। प्रतिभागियों को एक साल तक एरोबिक एक्सरसाइज या स्ट्रेचिंग और टोनिंग वाले कार्यक्रम में रखा गया। शोधकर्ताओं ने पाया कि एरोबिक एक्सरसाइज करने वाले समूह में मस्तिष्क का रक्त प्रवाह बढ़ा और गर्दन की प्रमुख धमनी (Carotid Artery) की कठोरता कम हुई। याददाश्त के कुछ मापों में हुए सुधार का संबंध रक्त वाहिकाओं की बेहतर स्थिति से भी पाया गया।
वॉकिंग से नींद, मूड और तनाव में सुधार क्यों ब्रेन हेल्थ के लिए जरूरी है?
दिमाग की सेहत केवल याददाश्त और सोचने की क्षमता पर निर्भर नहीं करती। अच्छी नींद, भावनात्मक संतुलन और तनाव को संभालने की क्षमता भी महत्वपूर्ण हैं। नियमित पैदल चलने से मूड बेहतर हो सकता है, चिंता और उदासी के लक्षण कम हो सकते हैं तथा नींद की गुणवत्ता में सुधार आ सकता है। जब व्यक्ति की नींद पूरी नहीं होती, तो अगले दिन ध्यान लगाने, नई जानकारी याद रखने और निर्णय लेने में परेशानी हो सकती है। इसी तरह लगातार तनाव और चिंता भी एकाग्रता तथा मानसिक कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकते हैं।
एनसीबीआई के अनुसार एक रिव्यू में वॉकिंग से जुड़े 75 ट्रायल और 8,636 प्रतिभागियों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इसमें पैदल चलने वाले वयस्कों में निष्क्रिय समूह की तुलना में डिप्रेशन और एंग्जायटी के लक्षण कम पाए गए। हालांकि, अध्ययनों के बीच काफी अंतर था और इसका असर हर व्यक्ति में एक जैसा होना जरूरी नहीं है।
रोजाना पैदल चलना दिमाग की सेहत को सहारा देने वाली एक सरल और उपयोगी आदत हो सकती है। नियमित वॉकिंग से मस्तिष्क में रक्त प्रवाह, रक्त वाहिकाओं की कार्यक्षमता, याददाश्त और कुछ संज्ञानात्मक क्षमताओं (सीखने वाली क्षमता) में सुधार के संकेत शोधों में मिले हैं। इसके अलावा बेहतर नींद, मूड और तनाव नियंत्रण भी ब्रेन हेल्थ के लिए महत्वपूर्ण हैं। हालांकि, वॉकिंग डिमेंशिया या अल्जाइमर से बचाव की गारंटी नहीं देती। अपनी क्षमता के अनुसार नियमित शुरुआत करें और धीरे-धीरे गतिविधि बढ़ाएं।

