इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय विद्रोही गुट बीएलए ने अपना नया कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किया है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने शनिवार को रहमान गुल को इस पद पर चुना है। खास बात ये है कि रहमान पाकिस्तानी सेना के पूर्व कैप्टन हैं। ऐसे में अब रहमान अपनी पुरानी संस्था के खिलाफ बीएलए का नेतृत्व करेंगे। यह पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार और आर्मी चीफ असीम मुनीर के लिए बड़ा झटका है। इससे बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वां जैसे प्रांतों में विद्रोह को हवा मिल सकती है, जहां पहले ही इस्लामाबाद मुश्किल का सामना कर रहा है।
रहमान गुल उर्फ उस्ताद मुरी पाकिस्तान सेना के कैप्टन के तौर पर वजीरिस्तान में टीपीपी के खिलाफ ऑपरेशन में शामिल रह चुके हैं। बाद में उन्होंने सेना छोड़ी और बीएलए के साथ जुड़ गए। सेना छोड़ने के 16 साल बाद वह कई पदों पर काम करते हुए बीएलए के शीर्ष तक पहुंच गए हैं। अब वह उसी देश के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसकी सेना में वह रहे थे। बलूच लिबरेशन आर्मी का कमांडर-इन-चीफ बनने से पहले रहमान गुट की आत्मघाती विंग मजीद ब्रिगेड का नेतृत्व कर चुके हैं।
सर्वसम्मति से गुल के नाम पर मुहर
BLA के प्रवक्ता जियांद बलूच ने बताया कि सीनियर कमांड काउंसिल ने अपने नेताओं और कमांडरों से सलाह-मशविरा करने के बाद सर्वसम्मति से गुल को चुना है। गुल ने बशीर जेब की जगह ली है। BLA ने 3 नवंबर को बशीर के हटने की घोषणा की थी। गुल ने ऐसे समय में कमान संभाली है, जब बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना और बीएलए के बीच संघर्ष चरम पर है। दोनों ओर से लगातार हमले किए जा रहे हैं।
अमेरिका स्थित थिंक टैंक जेम्सटाउन फाउंडेशन की साल 2025 की एक प्रोफाइल के अनुसार, रहमान गुल 2002 में पाकिस्तानी सेना में शामिल हुए थे और उन्होंने 'फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट' में करीब आठ साल तक सेवा दी। वह पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी के 109वें लॉन्ग कोर्स का हिस्सा थे। पाकिस्तान के मौजूदा आर्मी चीफ चीफ असीम मुनीर ने भी इसी रेजिमेंट की एक अलग बटालियन में काम किया है।
कश्मीर और वजीरिस्तान में रहे तैनात
रहमान गुल ने पाक आर्मी में रहते हुए वजीरिस्तान में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के खिलाफ अभियानों में हिस्सा लिया था। साल 2010 में सेना छोड़ने से पहले उनकी आखिरी पोस्टिंग पाकिस्तान के कब्जे कश्मीर के कोटली में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर थी। आर्मी छोड़ने के बाद गुल उसी साल, 2010 में BLA में शामिल हो गए थे।
रहमान गुल बलूचिस्तान के नुश्की जिले के एक प्रमुख मेंगल परिवार से ताल्लुक रखते हैं। गुल के परिवार का स्थानीय राजनीति और कबीलाई नेतृत्व से जुड़ा होना बताया जाता है। इंडिया टुडे के मुताबिक, पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) का कहना है कि गुल का भाई सरब खान बलोच सेना में अधिकारी रहा है।

