बीजेपी महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सियासी अनबन जग-जाहिर है। अब ईरानी को बीजेपी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है, तो उन्होंने एक बार फिर से कांग्रेस नेतृत्व को अपने उसी अंदाज में घेरना शुरू कर दिया है। अंग्रेजी न्यूज चैनल इंडिया टुडे के साथ एक इंटरव्यू में स्मृति ईरानी ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में डिनोटिफाई किए जाने के दिल्ली पुलिस के फैसले का न सिर्फ समर्थन किया है, बल्कि राहुल गांधी की मौजूदा राजनीति पर जोरदार हमला करते हुए उन्हें आईना भी दिखा दिया है।
जंतर-मंतर को किसने नोटिफाई किया?
बीजेपी नेता ने राहुल गांधी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कुछ महिला पुलिसकर्मियों समेत कई पुलिस अफसरों के साथ प्रदर्शनकारियों की ओर से की गई कथित मारपीट की निंदा करने की चुनौती दी है। बता दें कि दिल्ली पुलिस पर भी प्रदर्शनकारियों के साथ कथित बर्बरता के आरोप लगाए गए हैं, जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। जब उनसे पूछा गया कि जंतर-मंतर तो परंपरागत प्रदर्शन स्थल रहा है, तो उन्होंने कहा कि उसे किसने नोटिफाई किया था?उसे किसने नोटिफाई किया था? किसने नोटिफाई किया था? (एंकर- 1991 में सरकार ने जब वोट क्लब से जंतर-मंतर शिफ्ट किया गया। प्रदर्शन स्थल के रूप में।) सही है। अब आप एक जगह को प्रदर्शन स्थल के रूप में घोषित करते हैं, जो देश के पूरे सरकारी तंत्र के केंद्र में है...जो सिर्फ संसद के ही करीब नहीं है, यह भारत के सुप्रीम कोर्ट के भी नजदीक है..। और जब यहां पर जमा होते हैं....आपने आश्वासन दिया कि आप शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। लेकिन, उन लोगों ने आखिरकार किया क्या?
'राहुल गांधी का एक भी बयान दिखा दीजिए'
बीजेपी नेता स्मृति ईरानी आरोप लगाया कि 280 पुलिस अफसरों के साथ प्रदर्शनकारियों ने ज्यादती की, लेकिन राहुल गांधी की जुबान नहीं खुली। उन्होंने सवाल उठाया कि उन्होंने ऐसा नहीं करने की एक भी अपील क्यों नहीं की?इन्होंने (प्रदर्शनकारियों ) दिल्ली पुलिस के 280 अफसरों को पीटा और उनपर हमला किया। क्या आप मुझे राहुल गांधी का एक बयान दिखा सकते हैं, जिसमें उन्होंने एकबार भी कहा हो कि किसी को भी पुलिस अफसर के साथ मारपीट नहीं करनी चाहिए? क्या आप मुझे एक बयान दिखा सकते हैं? ...क्या आप मुझे विपक्ष के नेता का एक बयान दिखा सकते हैं? जिन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा हो कि पुलिस अधिकारी को नहीं पीटा जाना चाहिए?



