पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बागेश्वर धाम और प्रदीप मिश्रा समाज को बांटने का काम कर हैं। उन्होंने कहा कि अब भगवान राम और कृष्ण को भी बांटने का काम किया जा रहा है।
पर्ची देखने वाले कथावाचकों से समाज में विकृति आती है। देश में पहले जाति के नाम पर लोगों को बांटने का काम हो रहा था, अब भगवान को भी बांटा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में वैज्ञानिक सोच की जरूरत है और अंधविश्वास के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी। बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और SIR को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि देश एक संक्रमण काल से गुजर रहा है। जो लोग सरकार का विरोध करते हैं, उन्हें दिमागी नक्सली कहा जा रहा है। बघेल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री देश के लोगों को गाली देने का काम कर रहे हैं। वे रायपुर स्थित अपने निवास पर गोवर्धन तिहार कार्यक्रम में बोल रहे थे।
बोले- राहुल गांधी संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे
भूपेश बघेल ने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि वे अन्याय, अत्याचार और प्रजातंत्र को बचाने के लिए लड़ाई छेड़ चुके हैं। संविधान को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और सभी की आवाज उठाने का काम कर रहे हैं।
बघेल ने कहा कि पढ़े-लिखे और समाज की समझ रखने वाले लोगों को भी आगे आकर ऐसी लड़ाई लड़नी चाहिए।
SIR में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटने का दावा
पूर्व मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर दावा किया कि देशभर में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता अब समझ चुके हैं कि उनके वोट की कीमत क्या है।
प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे पर भी तंज
बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री भेष बदलने में माहिर हैं। उन्होंने कहा कि जवानों को संबोधित करते हुए दिमागी नक्सलियों को खत्म करने की बात कही गई।
जबकि सरकार का विरोध करने वालों को भी दिमागी नक्सली कहा जा रहा है। बघेल ने इसे लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।
धान खरीदी और गिरदावरी में गड़बड़ी का आरोप
प्रदेश में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर भी बघेल ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का समय आ गया है, लेकिन पटवारी हड़ताल पर हैं।
गिरदावरी में किसानों को परेशानी हो रही है। एक कोटवार ने उनसे कहा कि उसके परिवार की चार एकड़ जमीन का रकबा कट गया है।
बघेल ने दावा किया कि राइस मिलर्स अब तक केवल 25 प्रतिशत चावल ही जमा कर पाए हैं, जबकि 75 प्रतिशत चावल जमा होना बाकी है।
उन्होंने कांग्रेस के सभी विधायकों से इस मुद्दे पर सवाल लगाने की अपील की। उन्होंने 2021-22 और 2022-23 को धान खरीदी के लिहाज से गोल्डन टाइम बताया।
परिवार के साथ की गोवर्धन पूजा
भूपेश बघेल ने अपने रायपुर स्थित निवास पर आयोजित गोवर्धन तिहार के कार्यक्रम में बयान दिया। उन्होंने परिवार के साथ गौवंश की पूजा की।
इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोक कलाकारों ने राउत नाचा की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना करने वाले बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पर तंज कसते हुए फेसबुक पोस्ट में लिखा- ‘कोई तो केमिकल लोचा है। इनकी रेबीज वगैरह की जांच करवाना ठीक होगा।’

