तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार और आकिब नबी को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम से जुड़ने को कहा गया है। बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने शनिवार को तीसरे वनडे से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी पुष्टि की। तीसरा वनडे मंगलवार को हैमिल्टन में खेला जाएगा।
अर्शदीप, गुरनूर और नबी वनडे टीम का हिस्सा हैं। पहले के प्लान के मुताबिक तीनों को वनडे सीरीज के बाद स्वदेश लौटना था। अब वे भारतीय टेस्ट खिलाड़ियों के कैंप में शामिल रहेंगे।
अर्शदीप टी-20 में टॉप विकेट टेकर, गुरनूर वनडे में आगे
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में अर्शदीप सिंह भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 5 मैचों में 6 विकेट लिए। वहीं, वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैचों में गुरनूर बरार ने 7 विकेट लेकर भारतीय गेंदबाजों में सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए। अर्शदीप ने 4 और आकिब नबी ने 2 विकेट लिए। वनडे में गुरनूर की इकोनॉमी 3.82 रही, जबकि अर्शदीप ने 5.05 और आकिब ने 4.92 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की।
टेस्ट टीम के 13 खिलाड़ी पहले से न्यूजीलैंड में मौजूद
टेस्ट सीरीज के लिए चुने गए 16 खिलाड़ियों में से 13 पहले से न्यूजीलैंड में हैं। इनमें 6 खिलाड़ी इंडिया-A के साथ हैं, जबकि 7 खिलाड़ी वनडे टीम का हिस्सा हैं। इंडिया-A में यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, साई सुदर्शन, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं। वहीं, वनडे टीम में शुभमन गिल, केएल राहुल, आकाश दीप, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और अंशुल कंबोज हैं।
बाकी 3 खिलाड़ी: ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा और देवदत्त पडिक्कल 11 तक टीम से जुड़ जाएंगे।
11 नवंबर से शुरू होगा टेस्ट कैंप
कोटक ने बताया कि भारतीय टीम के टेस्ट खिलाड़ी 11 नवंबर से तैयारी कैंप में हिस्सा लेंगे। इस दौरान 5-6 अभ्यास सत्र होने की उम्मीद है। भारत-A के तीन मैचों से भी बल्लेबाजों और गेंदबाजों को तैयारी का मौका मिला है।
उन्होंने बताया कि हेड कोच गौतम गंभीर वनडे टीम के साथ रहेंगे। वे और बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल वेलिंगटन जाएंगे। अर्शदीप, गुरनूर और आकिब टेस्ट की तैयारी के लिए टीम के साथ रुकेंगे।
कोटक बोले- राहुल कभी दबाव में नहीं दिखते
बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने केएल राहुल की तारीफ करते हुए कहा कि वे टीम की जरूरत के हिसाब से खेलते हैं और दबाव में नहीं दिखते। राहुल ने दूसरे वनडे में बारिश से प्रभावित रन चेज में 26 रन बनाकर नाबाद रहे थे। भारत ने DLS नियम से यह मैच 4 रन से जीता था।
अतिरिक्त ऑलराउंडर को लेकर बोले- गेंदबाज कम करना मुश्किल
टीम में अतिरिक्त ऑलराउंडर को शामिल करने के सवाल पर कोटक ने कहा कि खिलाड़ियों को उनकी तय भूमिका के आधार पर चुना जाता है। एक अतिरिक्त बल्लेबाज को जगह देने के लिए गेंदबाजों की संख्या कम करना आसान नहीं होता।

