भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज से पहले डोमेस्टिक क्रिकेट खेलेंगे। BCCI ने उन्हें सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में खेलने के लिए कहा है।
दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन के (DDCA) के एक सूत्र ने दैनिक भास्कर को बताया कि, राणा को फिटनेस सर्टिफिकेट जमा करना होगा। वे टूर्नामेंट में एक या दो मैच खेल सकते हैं।
सैयद मुश्ताक ट्रॉफी 14 नवंबर से 6 दिसंबर तक खेली जाएगी। हर्षित दिल्ली के लिए खेलते हैं। टीम पहला मैच 14 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ इंदौर में खेलेगी।
जुलाई में हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई, सितंबर में फिर चोट लगी
हर्षित जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच में चोटिल हुए थे। ट्रेंट ब्रिज में गेंदबाजी के दौरान उनके दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया था। जांच में ग्रेड-1 इंजरी की पुष्टि हुई। इसके कारण वे इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे।
इसके बाद रिहैबिलिटेशन के दौरान 7 सितंबर को फिर उन्हें चोट लगी। बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मैच सिमुलेशन के दौरान उनके बाएं पैर के क्वाड्रिसेप्स में खिंचाव आया था।
अफगानिस्तान सीरीज और एशियन गेम्स से भी बाहर रहे
चोट दोबारा उभरने के कारण हर्षित अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज और एशियन गेम्स 2026 नहीं खेल सके। BCCI ने उनकी जगह यश ठाकुर को टीम में शामिल किया था।
दिल्ली स्क्वॉड ईशांत, मयंक और हर्षित शामिल
दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 16 सदस्यीय टीम घोषित की है। इसमें हर्षित राणा के अलावा ईशांत शर्मा, मयंक यादव और सिमरजीत सिंह जैसे तेज गेंदबाज भी शामिल हैं। टीम की कप्तानी आयुष बडोनी करेंगे।
न्यूजीलैंड के लिंकन में भारत-A और न्यूजीलैंड-A के बीच खेले जा रहे तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल ने शतक लगाया। उन्होंने 138 गेंदों पर 102 रन की पारी खेली। यह इस सीरीज में उनकी लगातार दूसरी सेंचुरी है। उनकी पारी की मदद से भारत-A ने शनिवार को पहले दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 227 रन बना लिए।

