यह बैठक अभी हुई भी नहीं है. लेकिन व्लादिमीर पुतिन, डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग की गुरुवार को होने वाली छोटी शिखर बैठक को क्रेमलिन की जीत के तौर पर देखा जा रहा है.
भले ही बैठक का नतीजा चाहे जो भी हो.
ज़रा 2022 के बारे में सोचिए. यूक्रेन पर रूस के बड़े पैमाने पर हमले के बाद राष्ट्रपति पुतिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ गए थे.
पश्चिमी देशों के नेता यूक्रेन युद्ध को लेकर पुतिन और रूस का बायकॉट करने पर आमादा थे.
2026 आते-आते व्लादिमीर पुतिन ने शेनझेन में एक ऐतिहासिक बैठक तय कर ली है. इतिहास में पहली बार चीन, रूस और अमेरिका के नेता सिर्फ़ तीनों के बीच बातचीत के लिए एक साथ बैठेंगे.
इससे पुतिन ठीक उसी जगह पहुंच जाएंगे, जहां वे पहुंचना चाहते हैं. वैश्विक राजनीति की सबसे बड़ी मेज़ पर. दुनिया की दो बड़ी ताक़तों के नेताओं के साथ.
इससे उन्हें यह दावा करने का मौक़ा मिलेगा कि रूस पर पश्चिमी देशों का दबाव नाकाम रहा है.
पुतिन ने एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग संगठन (एपीईसी) के एक बिज़नेस फ़ोरम में कहा, "रूस को अलग-थलग करने की नाकाम कोशिशें हुईं. रूस पर प्रतिबंधों का ऐसा दबाव डाला गया, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया."
इसके बाद उनकी मुलाक़ात शी जिनपिंग से हुई.
लेकिन रूस का कहना है कि शेनझेन में होने वाला सबसे बड़ा कार्यक्रम शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप के साथ पुतिन की त्रिपक्षीय बैठक होगी.
इससे पुतिन को एक वैश्विक नेता के तौर पर अपनी छवि पेश करने का मौक़ा मिलेगा. भले ही रूसी सेना यूक्रेन के कस्बों और शहरों पर लगातार हमले कर रही हो और क्रेमलिन बिना किसी शर्त के व्यापक युद्धविराम के विचार को ख़ारिज कर रहा हो.
एक छोटी-सी बैठक से दुनिया की तस्वीर बदलने की संभावना कम है. लेकिन यहां सबसे अहम है कि इस बैठक को दुनिया कैसे देखती है. इसकी तस्वीर, इसका फ़ोटो ऑप, तीन नेता, तीन बड़ी ताक़तें और बड़े मुद्दों पर बातचीत.
एक तरह से व्लादिमीर पुतिन इस बैठक के ज़रिए दुनिया को छुट्टियों का पोस्टकार्ड भेजेंगे. उस पर 'काश, आप भी यहां होते' लिखने के बजाय वे लिखेंगे, 'देखिए, मैं यहां हूं.'
लेकिन उन लोगों का क्या, जिन्हें इस बैठक में जगह नहीं मिली?
यूरोपीय देशों के नेताओं और ख़ासकर यूक्रेन में इस बात को लेकर चिंता है कि तीनों नेताओं की यह बैठक सिर्फ़ एक अच्छी तस्वीर तक सीमित नहीं रहेगी. उन्हें डर है कि इससे कुछ ऐसे फ़ैसले भी हो सकते हैं, जो यूक्रेन के हित में नहीं होंगे.
डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि शेनझेन में वे अपने 'पसंदीदा मुद्दे' यानी यूक्रेन युद्ध पर चर्चा करना चाहते हैं. क्रेमलिन को शायद यह मौक़ा अच्छा लगेगा कि वह यूक्रेन के अधिकारियों या यूरोपीय नेताओं की गैरमौजूदगी में ट्रंप और शी के सामने अपना पक्ष रख सके.
इस आगामी त्रिपक्षीय बैठक पर चीन के आधिकारिक बयानों में यूक्रेन युद्ध के बजाय आम तौर पर "दुनिया में शांति बनाए रखने और रणनीतिक स्थिरता को बढ़ावा देने" की ज़रूरत पर ज़ोर दिया गया है.
शेनझेन में रूस इस बैठक की तस्वीर और उससे मिलने वाले संदेश का पूरा फ़ायदा उठाने की कोशिश करेगा. लेकिन कूटनीतिक जीत और सैन्य जीत एक जैसी नहीं होतीं.

