राजधानी भोपाल में नजीराबाद पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ग्राम गढ़ाकला में गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बुधवार को दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से बैग में रखा 1 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। जब्त गांजे की कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़ाकला में दो व्यक्ति गांजा लेकर खड़े हैं और उसे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नजीराबाद थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद बैग से गांजा बरामद हुआ।

आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने आरोपियों की पहचान मंगीलाल योगी (60), पिता मोहनलाल योगी और उसके बेटे राजू योगी के रूप में की है। दोनों ग्राम गढ़ाकला, थाना नजीराबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गांजा जब्त कर लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

40 हजार रुपए कीमत का गांजा जब्त

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से कुल 1 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपए है। पुलिस अब आरोपियों से गांजे की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।