मैरीलैंड के जॉइंट बेस एंड्रयूज पर उप-राष्ट्रपति के हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद उषा वेंस सीढ़ियों से नीचे उतर रहीं थीं और परिवार अलास्का जाने वाली फ्लाइट में सवार होने की तैयारी कर रहा था। उन्होंने एलेक को गोद में ले रखा था और पीठ पर एक बड़ा भूरा बैकपैक भी था तभी उनका पैर लड़खड़ा गया। उषा आगे की ओर लड़खड़ाईं लेकिन तुरंत खुद को संभाल लिया और बच्चे को भी सुरक्षित रखा।
विमान की सीढ़ियों पर बाल-बाल बचीं उषा वेंस
वीडियो में दिख रहा है कि गिरने से बचने के बाद उन्होंने राहत की सांस लेते हुए मुस्कुराया और आगे बढ़ने लगीं। कुछ सेकंड बाद जेडी वेंस अपनी चार साल की बेटी मिराबेल के साथ उनके पीछे-पीछे आए। यह पल वीडियो में कैद हो गया और जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हैरानी की बात ये थी जब उषा वेंस लड़खड़ाईं थी तो वहां मौजूद एक भी सुरक्षा गार्ड उनकी मदद के लिए आगे नहीं बढ़ा। जबकि ये इंसान की प्राकृतिक आदत है अगर सामने कोई गिरने लगे तो अचानक उसे बचाने की कोशिश की मुद्रा में खुद ही हाथ उठ जाता है।जब ऊषा लड़खड़ाईं तो वर्दी पहने सुरक्षाकर्मी टरमैक पर खड़े थे लेकिन वे उनकी मदद के लिए आगे नहीं आए। इस बात पर ऑनलाइन बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब वह सीढ़ियों से नीचे उतर रही थीं और उनके पास एक नवजात बच्चा और एक बड़ा बैग था तब कोई भी उनकी मदद के लिए आगे क्यों नहीं आया? एक महिला ने एक्स पर लिखा 'वहां खड़े किसी भी व्यक्ति या अधिकारी में मदद करने की इच्छा या भावना नहीं थी? वे अपनी जगह पर पत्थर की तरह बेअसर खड़े रहे! हद है!'
एक और यूजर ने सवाल किया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस जो उषा के पीछे चल रहे थे उन्होंने उनसे बैग क्यों नहीं लिया? यूजर ने लिखा 'कोई भी सोचेगा कि उनके ठीक पीछे चल रहे उपराष्ट्रपति भारी बैग ले लेते, ताकि उन्हें बच्चे के साथ सीढ़ियां अकेले न चढ़नी पड़ें।'
