अर्नब चक्रवात के असर से उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों में तेज बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी सिस्टम अब दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते राजस्थान-मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार से लगातार बारिश हो रही है। 40-50 किमी/घंटे की हवाएं चल रही हैं। 32 जिलों में बाढ़ का खतरा है। शनिवार को 36 जिलों में स्कूल बंद हैं। लखनऊ, सुल्तानपुर और शामली में सभी यूनिवर्सिटी और कॉलेज भी बंद रहेंगे।
कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आंधी-बारिश से कार पलट गई। कार में पांच लोग फंस गए। उधर, छत्तीसगढ़ में भी करीब 36 घंटे से बारिश जारी है। सभी स्कूलों में शनिवार की छुट्टी की गई है।
बिहार में सुपौल के 50 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। 19 जिलों में यलो अलर्ट है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में 3 लोगों की मौत हुई है। उत्तराखंड में चमोली के हेमकुंड साहिब, बद्रीनाथ में बर्फबारी हुई है। पिथौरागढ़-घाट सड़क पर लैंडस्लाइड के कारण 300 से ज्यादा गाड़ियां फंस गई हैं।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में लैंडस्लाइड और बर्फबारी के चलते आज आदि कैलाश यात्रा के लिए परमिट जारी नहीं किए जाएंगे। जो यात्री आदि कैलाश की यात्रा पर गए हैं, उन्हें गुंजी में ही रुकने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में बर्फबारी-बारिश के कारण शनिवार को सात जिलों में स्कूल बंद रहेंगे। केदारनाथ धाम में हेली सेवाएं फिलहाल बंद हैं, जबकि पैदल यात्रा सुचारु है।
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से- जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के जिलों में अगले 48 घंटे तेज बारिश का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग ने शनिवार को जबलपुर-रीवा समेत 18 जिलों में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट है। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और सतना में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
