जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार की तरफ से लिए गए फैसले के अनुसार आज से भारत-पाकिस्तान के बीच बना अटारी बॉर्डर पूरी तरह से बंद हो गया है। आज शाम 5 बजे के बाद कोई पाकिस्तानी नागरिक इस बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान नहीं गया और अगले आदेश तक न जा सकेगा।
भारत से कुल कितने पाकिस्तानी अटारी के रास्ते वापस रवाना हुए हैं, इसका आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। लेकिन जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल से आज तक लगभग 786 पाकिस्तानी वापस गए हैं। अनुमान था कि आज दोबारा भारत सरकार पाक नागरिकों को वापस जाने को अतिरिक्त समय दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जिसके बाद 5 बजे के बाद आने वाले पाक नागरिकों को अटारी बॉर्डर के इमिग्रेशन विभाग ने वापस भेज दिया।
इसी दौरान जम्मू-कश्मीर की कठुआ पुलिस भी कुछ पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर अटारी बॉर्डर पहुंची थी। लेकिन 5 बजे से अधिक समय होने के कारण इमिग्रेशन विभाग ने उन्हें रिसीव करने से मना कर दिया। जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस उन्हें वापस ले गई।
दो बार सरकार बढ़ा चुकी छूट
पहलगाम में हुए हमले के बाद 23 अप्रैल को भारत सरकार ने सभी पाक नागरिकों का वीजा खत्म करते हुए उन्हें 48 घंटे में देश छोड़ने का आदेश दे दिया था। लेकिन दूर से आने वाले पाक नागरिकों की सुविधा को देखते हुए पहले इसे 27 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया।
27 अप्रैल तक 537 पाक नागरिक ही पाक वापस लौटे। जिनमें 9 राजनयिक और अधिकारी भी शामिल थी। जिसके बाद भारत सरकार ने इसमें दूसरी बार बदलाव करते हुए 29 अप्रैल तक की छूट पाक नागरिकों को दी।
भारत में रुकने वालों के खिलाफ अब पुलिस एक्शन
केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए रविवार शाम नोटिस जारी किया। इसमें कहा गया कि जो पाकिस्तानी तय डेडलाइन में भारत नहीं छोड़ता है, तो उसे गिरफ्तार कर केस चलाया जाएगा। ऐसे नागरिकों को 3 साल जेल या ₹3 लाख जुर्माना या फिर दोनों का सामना करना पड़ सकता है।
4 अप्रैल 2025 से लागू 'इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट 2025' के मुताबिक वीजा की शर्तों का उल्लंघन या तय अवधि से ज्यादा भारत में रुकने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।