80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण, संविधान की रक्षा का लिया संकल्प

80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण, संविधान की रक्षा का लिया संकल्प
भोपाल, 15 अगस्त 2026 / 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, भोपाल स्थित इंदिरा भवन में राष्ट्रगान के पश्चात मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने संविधान, लोकतंत्र तथा देश की एकता और अखंडता की रक्षा के प्रति कांग्रेस की अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए श्री जीतू पटवारी जी ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले करोड़ों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी हमें अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से मिली है। कांग्रेस की विचारधारा हमें लोकतंत्र, संविधान, समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के मूल्यों के साथ देश के बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देती है।

श्री पटवारी ने कहा कि आज देश के सामने युवाओं के रोजगार, शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य की सबसे बड़ी चुनौती है। राहुल गांधी जी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर युवाओं के रोजगार और शिक्षा की सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। देश को विश्व में नंबर वन बनाने के इस अभियान में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत और अपने खून की अंतिम बूंद तक सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की व्यवस्था में भ्रष्टाचार कण-कण में समा चुका है। जनता के अधिकारों और सरकारी योजनाओं पर भ्रष्टाचार का साया है। कांग्रेस कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई को और तेज करेंगे तथा मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे।

श्री पटवारी ने शिक्षा के अधिकार और युवाओं के भविष्य को लेकर कहा कि मध्य प्रदेश के हर परिवार के बच्चे को केजी से पीजी तक मुफ्त, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी अनिवार्य शिक्षा मिलनी चाहिए। कांग्रेस इस दिशा में संघर्ष करेगी और संकल्प लेती है कि मध्य प्रदेश देश का ऐसा पहला राज्य बने, जहां किसी बच्चे की शिक्षा उसके परिवार की आर्थिक स्थिति पर निर्भर न हो।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी के कार्यक्रम स्थल को भाजपा नेताओं द्वारा गंगाजल से धोने अथवा हवन कर ‘शुद्ध’ करने के कथित कृत्य की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह केवल श्री खड़गे जी का अपमान नहीं है, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज तथा देश के करोड़ों आम नागरिकों का अपमान है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से मांग की कि इस कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

श्री पटवारी ने दतिया, विजयपुर और बुधनी की जनता का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के कथित भ्रष्टाचार, आतंक और वादाखिलाफी के खिलाफ जनता ने कांग्रेस पर जो विश्वास जताया है, कांग्रेस उस विश्वास को कभी टूटने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के जिस भी हिस्से में जनता को आवश्यकता होगी, कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता तन-मन-धन से उनके हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा।

“वरिष्ठों के अनुभव का लाभ लेते हुए युवाओं को तरजीह दी कि वरिष्ठों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करते हुए कांग्रेस पार्टी संगठन के सशक्तिकरण के साथ आगे बढ़ेगी।”

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संकल्प लिया कि संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती, युवाओं के रोजगार, बच्चों की शिक्षा, किसानों के अधिकार और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री पी.सी. शर्मा जी, एआईसीसी सचिव श्री कुणाल चौधरी जी, संगठन उपाध्यक्ष श्री सुखदेव पांसे जी, सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष श्री अवनीश भार्गव जी, पूर्व संगठन महामंत्री श्री राजीव सिंह जी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता श्री अभय दुबे जी, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष श्री प्रदीप अहिरवार जी, भोपाल शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री प्रवीण सक्सेना जी, भोपाल ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष श्री अनोखी पटेल जी, वरिष्ठ नेता श्री जे.पी. धनोपिया जी, श्री आनंद तरण जी, लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी श्री अरुण श्रीवास्तव जी, प्रदेश महासचिव श्री अमित शर्मा जी, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती साबिस्ता जाकी जी, महिला कांग्रेस की पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीमती संतोष कंसाना जी सहित वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता, सेवादल, एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ध्वजारोहण के उपरांत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी ने कांग्रेस परिवार के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ साथियों के साथ झंडावंदन किया तथा कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।
Advertisement