डोनाल्‍ड ट्रंप की CNN के साथ तेज हुई जुबानी जंग तो वाइट हाउस ने लॉन्च किया 'ट्रंप टीवी', कोर्ट पहुंचा केस

डोनाल्‍ड ट्रंप की CNN के साथ तेज हुई जुबानी जंग तो वाइट हाउस ने लॉन्च किया 'ट्रंप टीवी', कोर्ट पहुंचा केस
वॉशिंगटन: वाइट हाउस ने सोमवार को 'ट्रंप टीवी: द एसेंशियल्स स्टेशन' लॉन्च किया है। यह 24/7 चलने वाला डिजिटल वीडियो स्ट्रीम है जिसमें ट्रंप प्रशासन की घोषणाएं, राष्ट्रपति के बयान और दूसरे कंटेंट दिखाए जाएंगे। वाइट हाउस ने ये कदम डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी मीडिया के बीच पिछले हफ्ते से शुरू हुई नये झगड़े के बाद उठाया है। ट्रंप ने पहले CNN, MS NOW और Politico की वाइट हाउस कवरेज पर बैन लगा दी थी जिसके बाद इन तीनों मीडिया समूहों ने ट्रंप प्रशासन के खिलाफ कोर्ट जाने का फैसला किया है।

वाइट हाउस ने कहा कि नई सर्विस प्रशासन के 'सबसे अहम पलों' को एक जगह लाएगी और कंटेंट को रियल-टाइम में अपडेट किया जाएगा। इस स्ट्रीम को सोमवार शाम 7 बजे (अमेरिकी समय के मुताबिक) पर वाइट हाउस के YouTube चैनल पर लॉन्च किया गया।
यह लॉन्च CNN, MS NOW और Politico की तरफ से ट्रंप प्रशासन के खिलाफ फेडरल मुकदमा दायर करने के कुछ घंटों बाद किया गया है। इन मीडिया समूहों का तर्क है कि ट्रंप प्रशासन का उनके पत्रकारों के क्रेडेंशियल रद्द करने का फैसला उनके 'फर्स्ट अमेंडमेंट' (संविधान के पहले संशोधन) अधिकारों का उल्लंघन करता है।

वाइट हाउस ने यूट्यूब चैनल लॉन्च किया

ट्रंप और अमेरिकी मीडिया के बीच के रिश्ते हमेशा से कड़वे रहे हैं। पिछले कार्यकाल में भी सीएनएन रिपोर्टर्स के साथ ट्रंप की बहसबाजी होती रही है। उस समय भी सीनएनएन को वाइट हाउस कवरेज से बैन किया गया था लेकिन बाकी मीडिया चैनलों के सीएनएन के समर्थन में आने के बाद बैन हटा लिया गया था। अब एक बार फिर से ट्रंप ने इन तीनों मीडिया आउटलेट्स की कवरेज की आलोचना करने के बाद उन्हें वाइट हाउस से बैन कर दिया है।
इन संगठनों के मुताबिक शनिवार को उनके पत्रकारों को वाइट हाउस परिसर में घुसने से रोक दिया गया और उनके प्रेस क्रेडेंशियल ज़ब्त कर लिए गए। सीएनएन को उसके तय टेलीविजन पूल के कामों से भी हटा दिया गया। CNN को एक तय असाइनमेंट से हटाए जाने के बाद, ABC, CBS, Fox News और NBC ने भी वाइट हाउस टेलीविजन पूल में अपनी भागीदारी रोकने के मामले में CNN का साथ दिया है और ट्रंप को कवर करना बंद कर दिया है।


कोर्ट में गया ट्रंप-अमेरिकी मीडिया विवाद

आम तौर पर टेलीविजन पूल ब्रॉडकास्टर्स और दूसरे न्यूज ऑर्गनाइजेशन को राष्ट्रपति से जुड़े कार्यक्रमों की साझा वीडियो कवरेज देता है। पूल के बाधित होने की वजह से वाइट हाउस की अपनी वीडियो फीड राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की फुटेज का एक अहम जरिया बन गई है। ट्रंप ने अमेरिकी समयानुसार सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट में उन तीन ऑर्गनाइजेशन की कड़ी आलोचना की जिन्होंने उनके प्रशासन के खिलाफ मुकदमा किया है।
अब यह मामला अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज टिमोथी केली को सौंपा गया है जिन्हें ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान नियुक्त किया था। केली ने पहले CNN रिपोर्टर जिम अकोस्टा मामले में भी सुनवाई की थी जब वाइट हाउस ने 2018 में उनका प्रेस एक्सेस रद्द कर दिया था। CNN, MSNBC और Politico ने अदालत से अनुरोध किया है कि मामले की सुनवाई के दौरान उनका एक्सेस बहाल किया जाए। उनकी अर्जी पर सुनवाई अमेरिकी समयानुसान बुधवार को होनी है।
Advertisement