भारत पर 100 फीसदी टैरिफ अमेरिका का पाखंड, पूर्व अमेरिकी अधिकारी ने खोली ट्रंप के डबल स्टैंडर्ड की पोल

भारत पर 100 फीसदी टैरिफ अमेरिका का पाखंड, पूर्व अमेरिकी अधिकारी ने खोली ट्रंप के डबल स्टैंडर्ड की पोल
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रूसी तेल खरीदने पर भारत जैसे देशों पर 100% टैरिफ लगाने की धमकी पर अमेरिका के पूर्व अधिकारी ने सवाल उठाए हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के पूर्व अधिकारी इवान ए फीगेनबाग ने भारत पर टैरिफ की धमकी को ट्रंप प्रशासन का दोहरा रवैया बताया। उन्होंने रूस के करीबी बेलारूस से पोटाश खरीदने को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रस्तावित बड़े सौदे पर निशाना साधा।

ट्रंप ने हाल ही में कहा है कि अमेरिका बेलारूस से पोटाश खरीदने के लिए एक बड़ी डील पर काम कर रहा है। इस पोटाश की कीमत कनाडा को अभी दी जाने वाली कीमत से काफी कम होगी। खास बात है कि बेलारूस मॉस्को के साथ करीबी से जुड़ा हुआ है। बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने पुतिन के यूक्रेन युद्ध का समर्थन किया है।

भारत पर टैरिफ अमेरिका का डबल स्टैडर्ड

फीगेनबाग ने तर्क दिया कि रूस के साथ आर्थिक संबंध रखने वाले देशों के प्रति वॉशिंगटन का रवैया दोहरा मापदंड जैसा लग सकता है। खासकर जब भारत को रूस से कच्चा तेल खरीदने के कारण अमेरिकी टैरिफ की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

फीगेनबाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "एक तरफ अमेरिका रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दे रहा है (जो अब कानून बन चुका है), वहीं राष्ट्रपति कहते हैं कि वह बेलारूस से पोटाश खरीदेंगे, जो रूस का प्रॉक्सी है और पूरी तरह रूस पर निर्भर है। अमेरिकी भी रूस से तेल के अलावा कुछ अन्य सामान खरीदता है।"

ट्रंप के पाखंड की खोली पोल

फीगेनबाग ने आगे लिखा, "अमेरिका चीन के साथ अरबों-खरबों का व्यापार कर रहा है, लेकिन दूसरों के ऐसा करने पर आपत्ति जताता है। राष्ट्रपति सार्वजनिक रूप से कहते हैं कि वह अमेरिका में चीनी कारों के निर्माण पर विचार कर रहे हैं, जबकि दूसरे देशों के ऐसा करने पर आपत्ति जताते हैं। अमेरिका ट्रेड डील की मांग करता है, लेकिन पहले से तय समझौते से पीछे हट जाता है।" उन्होंने कहा कि दोहरे मापदंड और साफ दिख रही पाखंडी छवि निश्चित रूप से बातचीत में साझेदार के तौर पर अमेरिका की धारणा पर असर डालेगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसी महीने सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट 2026 पर हस्ताक्षर किए थे। इस कानून के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति को उन देशों पर 100% टैरिफ लगाने का अधिकार मिल गया है, जो रूस से तेल और खरीदते हैं। भारत और चीन, रूसी ऊर्जा के बड़े खरीदारों में हैं, जिन पर यह दंडात्मक टैरिफ लागू हो सकता है।
Advertisement