नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन के ऐतिहासिक बेसिन रिजर्व मैदान पर शुरू हुए पहले टेस्ट मैच के पहले दिन कीवी बल्लेबाज हेनरी निकोल्स टीम इंडिया के गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ी दीवार साबित हुए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान न्यूजीलैंड की टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट खोकर 243 रन बना लिए हैं। इस दौरान निकोल्स ने गजब का संयम दिखाते हुए 221 गेंदों पर नाबाद 113 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली और वे अभी भी ग्लेन फिलिप्स के साथ क्रीज पर डटे हुए हैं। पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद निकोल्स ने अपनी इस खास पारी, परिवार की मौजूदगी और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाने की रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है।
भावुक हुए निकोल्स
हेनरी निकोल्स के लिए यह शतक निजी तौर पर भी बेहद यादगार रहा, क्योंकि आज उनकी पत्नी लूसी का जन्मदिन था और उनका पूरा परिवार स्टेडियम में मौजूद था। दिन के खेल के बाद निकोल्स ने कहा, 'यह वाकई बेहद शानदार अनुभव था। नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े होकर भी मैं ऊपर देख रहा था कि बच्चे वहां खेल रहे हैं। आज मेरी पत्नी का जन्मदिन भी है, लूसी को खास शुभकामनाएं, वह हमारी ताकत हैं। मेरे माता-पिता भी वहां मौजूद थे, इसलिए यह मेरे लिए एक बेहद खास दिन बन गया।'
ग्राउंड्समैन से सुबह हुई थी मजेदार बात, बेसिन रिजर्व में ठोका 5वां शतक
यह हेनरी निकोल्स के टेस्ट करियर का 12वां शतक था, जिसमें से 5 शतक उन्होंने अकेले वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर ही जड़े हैं। इस मैदान से अपने खास लगाव और सुबह ग्राउंड्समैन से हुई बातचीत का किस्सा साझा करते हुए उन्होंने बताया, 'सुबह ग्राउंड्समैन के साथ मेरी हल्की-फुल्की हंसी-मजाक हो रही थी। वह बता रहे थे कि यहां उनका यह पहला साल है और पहले या दूसरे मैच में मैंने ही यहां पहला शतक लगाया था। उन्होंने मुझसे कहा कि अगर आप फिर से पहला शतक लगा दें तो बहुत अच्छा होगा। मैंने टॉस से पहले कहा था कि शायद कल या बाद में ऐसा हो। यह खेलने के लिए एक खास जगह है, इसका अपना एक इतिहास है और यहां इतने शतक लगाना मेरे लिए गर्व की बात है।'
चौथी गेंद पर करनी पड़ी थी बल्लेबाजी, ग्लेन फिलिप्स के साथ साझेदारी को बताया टर्निंग पॉइंट
न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही थी और निकोल्स को दिन की चौथी ही गेंद पर बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरना पड़ा था। उस स्थिति को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'सच कहूं तो मैं तैयार होने के लिए थोड़ा जल्दी में था। भारतीय गेंदबाजों ने वाकई शानदार गेंदबाजी की और हम जानते हैं कि जब आप यहां टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हैं तो यह चुनौतीपूर्ण होता है।'
मिडिल ऑर्डर में ग्लेन फिलिप्स के साथ हुई नाबाद साझेदारी पर निकोल्स ने कहा, 'उनकी ऊर्जा कमाल की है। जिस तरह से वे बल्लेबाजी करने आए, उससे भारतीय गेंदबाजों पर थोड़ा दबाव बना और मुझे अपना स्वाभाविक खेल खेलने का मौका मिला। हम दोनों को विकेटों के बीच तेज दौड़ना पसंद है और इसी तरह हमने भारतीय टीम पर दबाव बनाया। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और दिन के अंत तक हम दोनों का नाबाद रहना ड्रेसिंग रूम के मनोबल को काफी बढ़ाएगा।'

