बाबा बागेश्वर धाम सरकार के नाम से चर्चित पंडित धीरेंद्र कृ्ष्ण शास्त्री अक्सर चर्चा में रहते हैं। अभी कुछ ही दिनों पहले भगवान श्री कृ्ष्ण पर उनके द्वारा कही गई बातों से कई विवाद हुआ था। इस विवाद के बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी बाबा बागेश्वर के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। बागेश्वर धाम में शिक्षा मंत्री जमीन पर बैठ कर पंडित धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद लेते नजर आए हैं। इसकी तस्वीर खुद शिक्षा मंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया है।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सामने जमीन पर बैठे शिक्षा मंत्री ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘आज खजुराहो (मध्य प्रदेश) की पावन धरा पर पूज्य श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज (श्री बागेश्वर धाम सरकार) के दर्शन कर उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। पूज्य गुरुदेव के श्रीचरणों में नमन करते हुए बिहार की सुख-समृद्धि, उन्नति और प्रत्येक प्रदेशवासी एवं देशवासी के मंगलमय जीवन के लिए आशीर्वाद मांगा।’
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मांगी थी माफी
बता दें कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई अपनी टिप्पणी पर विवाद बढ़ने के बाद माफी मांग ली थी। उन्होंने कहा था कि उनकी मंशा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के बीच किसी तरह का अंतर बताने की नहीं थी और यदि उनकी बातों से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित रामकथा के दौरान शास्त्री ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए कहा था कि श्रीराम सीधे हैं, जबकि श्रीकृष्ण तीन जगह से टेढ़े होकर खड़े होते हैं।
उन्होंने श्रीकृष्ण की त्रिभंग मुद्रा, बांसुरी और वृंदावन का उल्लेख करते हुए अयोध्या और वृंदावन की तुलना भी की थी। उनकी इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मथुरा-वृंदावन के संतों और कृष्ण भक्तों ने आपत्ति जताई थी। बाबा बागेश्वर धाम ने कहा था कि उनकी टिप्पणी भक्ति परंपरा और ब्रज की प्रेमपूर्ण अभिव्यक्ति के संदर्भ में थी। उनका उद्देश्य किसी भगवान का अपमान करना या दोनों के बीच भेद करना नहीं था। उन्होंने कहा था कि भगवान राम और कृष्ण एक ही परम सत्ता के स्वरूप हैं। भावावेश में कही गई बात से यदि किसी को ठेस पहुंची है तो वह विनम्रतापूर्वक क्षमा मांगते हैं।
बागेश्वर धाम सरकार ने क्या कहा था
बता दें कि बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी में कहा था कि भगवान श्री कृष्ण इधर-उधर देखते हैं। वो तीन जगह से टेढ़े खड़े होते हैं। भगवान राम से और श्री कृ्ष्ण की तस्वीरों की तुलना करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि तुम अपने ठाकुर की एक भी फोटो देख लो, तुम्हारे वाले खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े। पांव के ऊपर पांव, कमर कहीं लचकाएं, खोपड़ी ऐसे करें, बंसी टेढ़े होकर बजाते हैं। हमारे वाले तो सीधी खड़े होते हैं। बंसी का बजाना तो खेल भी है, धनुष चलाना खेल नहीं है। बंसी बजाना कोई बड़ी बात नहीं है। बाबा बागेश्वर के इस बयान पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव और कांग्रेस समेत कई दलों के राजनेताओं ने एतराज जताया था।

