तुर्किये के इजमिर शहर के पास सोमवार को एक स्टील फैक्ट्री में धमाका हुआ। इसमें 17 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 घायल हैं। हादसे के समय फैक्ट्री में काम चल रहा था।
BBC के मुताबिक, बॉयलर ले जा रही एक क्रेन गैस लाइन से टकरा गई। इसके बाद सामान नीचे लगी भट्टी में गिरा और जोरदार विस्फोट हो गया। मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कुछ लोग अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं
स्थानीय गवर्नर सुलेमान एल्बान ने बताया कि हादसा दोपहर के आसपास हुआ। उस समय क्रेन से एक नया बॉयलर ले जाया जा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है।
फैक्ट्री चलाने वाली कंपनी ने बयान जारी कर बताया कि हादसा प्लांट की एक इलेक्ट्रिक आर्क भट्टी में तय रखरखाव के काम के दौरान हुआ। यह फैक्ट्री हबास डेमिर सेलिक कंपनी की है, जो तुर्किये की बड़ी स्टील कंपनियों में शामिल है।
राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने सोमवार को कैबिनेट बैठक के बाद हादसे में हुई मौतों की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और बचाव दल लगातार राहत और बचाव के काम में जुटे हैं।
तुर्किये में फैक्ट्री हादसे बड़ी चिंता
तुर्किये में काम के दौरान होने वाले हादसे लंबे समय से चिंता का विषय बने हुए हैं। स्वतंत्र सामाजिक संगठन तुर्किश हेल्थ एंड सेफ्टी लेबर वॉच ने भी इसे देश की एक बड़ी समस्या बताया है।
जिस फैक्ट्री में हादसा हुआ, वह इजमिर के अलियागा इलाके में है। यह इलाका बड़े बंदरगाह के लिए जाना जाता है। यहां पुराने जहाजों को काटकर कबाड़ में बदलने का काम भी होता है।

