विधायक विश्राम गृह स्थित कांग्रेस विधायक दिनेश जैन बोस के सरकारी आवास में आपत्तिजनक स्थिति में मिले युवक-युवती की पहचान की जा रही है। विधायक का आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मी थे। उनके पहुंचने पर एक ने वर्दी पहन ली थी, जबकि दूसरे ने उनके सामने ही वर्दी पहनी।
विधायक की शिकायत के बाद विधानसभा सचिवालय ने मामले की जांच शुरू करा दी है। दिवाली के बाद जांच रिपोर्ट विधायक को सौंपी जाएगी। इस घटना के बाद विधायक विश्राम गृह की सुरक्षा व्यवस्था और केयरटेकरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कमरे में पहुंचे तो आपत्तिजनक स्थिति में मिले युवक-युवती
महिदपुर से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन बोस ने बताया कि वे 2 नवंबर को भोपाल आए थे। विधायक विश्राम गृह के खंड-3 स्थित अपने आवंटित कमरे में पहुंचे तो वहां एक युवक और युवती आपत्तिजनक स्थिति में मिले। विधायक के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मी थे। उनमें से एक ने उनके पहुंचने के बाद वर्दी पहन ली थी, जबकि दूसरे ने उनके सामने ही वर्दी पहनी।
विधायक ने कहा कि इस तरह की स्थिति पहले कभी सामने नहीं आई थी। उन्हें यह देखकर हैरानी हुई कि विधायकों के सरकारी आवास में इस तरह की गतिविधियां भी चोरी-छिपे हो सकती हैं। उन्होंने इसकी शिकायत विधानसभा सचिव से की थी। सचिव ने मामले की जांच कराने और दो-तीन दिन में रिपोर्ट देने की बात कही थी।
पीडब्ल्यूडी कर रहा घटनाक्रम की जांच
विधायक की शिकायत पर विधानसभा सचिवालय के निर्देश से पीडब्ल्यूडी ने जांच शुरू कर दी है। विधायक जैन को आवंटित खंड-3 के कक्ष क्रमांक 13 और 14 में हुए घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कमरों में अनधिकृत लोगों के प्रवेश और पूरी घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी कर्मचारी या व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
केयरटेकरों की जिम्मेदारी पर उठे सवाल
इस घटना के बाद विधायक विश्राम गृह के स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विधायकों के भोपाल से बाहर रहने पर उनके कमरों की चाबियां मुख्य काउंटर पर केयरटेकर के पास जमा रहती हैं। साफ-सफाई जैसे कामों के लिए स्टाफ को कमरों तक पहुंच दी जाती है।
ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि बिना अनुमति बाहरी लोगों को कमरे तक पहुंच कैसे मिली और उनकी मौजूदगी की जानकारी किसी को क्यों नहीं हुई। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कमरे की चाबी किसके पास थी और युवक-युवती वहां कैसे पहुंचे।

