बॉलीवुड में कलाकारों के काम करने के घंटे और वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर अक्सर बहस होती रहती है। खासकर तब, जब किसी बड़े स्टार की ओर से रोजाना काम के लिए निश्चित समय तय करने की बात सामने आती है। अब अभिनेता अक्षय कुमार ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी है। करण जौहर के चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण' सीजन 9 में अभिनेता रवि किशन के साथ पहुंचे अक्षय ने बताया कि आठ घंटे की शिफ्ट में काम करने की उनकी आदत के कारण कई बड़े निर्माता उनके साथ फिल्म करने से हिचकिचाते हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी काम करने की शैली का बचाव करते हुए हॉलीवुड फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन और अभिनेता टॉम क्रूज का उदाहरण भी दिया।
आठ घंटे काम करने की वजह से फिल्में गंवा रहे हैं अक्षय?
शो के दौरान करण जौहर ने अक्षय कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि वह नए निर्देशकों को मौका देने के साथ-साथ फिल्म के निर्माता और निर्देशक की जरूरतों का भी ध्यान रखते हैं। इस पर अक्षय ने बताया कि इंडस्ट्री में उनके आठ घंटे काम करने को लेकर कई तरह की बातें होती हैं। अभिनेता के मुताबिक कुछ बड़े लोग उन्हें अपनी फिल्मों में लेने से बचते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि अक्षय सिर्फ आठ घंटे काम करते हैं। अक्षय ने अपनी दिनचर्या के बारे में बताते हुए कहा कि इन आठ घंटों के दौरान वह वैनिटी वैन में जाकर समय नहीं बिताते, बल्कि लगातार कैमरे के सामने काम करते हैं। उनका मानना है कि दर्शक कलाकार को पर्दे पर तरोताजा और अच्छा देखना चाहते हैं, न कि थका हुआ। इसी वजह से उन्होंने अपने जीवन में काम, नींद, फिटनेस और परिवार के लिए अलग-अलग समय तय किया है। अभिनेता ने बताया कि वह आठ घंटे काम करते हैं, आठ घंटे सोते हैं, दो घंटे अपनी फिटनेस को देते हैं और बाकी समय परिवार के साथ बिताना पसंद करते हैं।
55 दिनों में फिल्म पूरी कर लेते हैं अक्षय कुमार
इसी बातचीत में रवि किशन ने भी अक्षय कुमार की काम करने की रफ्तार और ऊर्जा की तारीफ की। उन्होंने बताया कि अक्षय सेट पर तेजी से काम करते हैं और कम समय में फिल्म की शूटिंग पूरी करके निर्माताओं का खर्च भी बचाते हैं। रवि के मुताबिक, अक्षय आमतौर पर करीब 55 दिनों में एक फिल्म पूरी कर लेते हैं। इससे फिल्म के बजट पर नियंत्रण रखने में मदद मिलती है। साथ ही फिल्म से जुड़े 300 से 400 लोगों को भी लगातार काम मिलता है। अक्षय ने आगे कहा कि कई लोग उनसे सवाल करते हैं कि वह महज 65 दिनों में फिल्म कैसे पूरी कर लेते हैं। इस पर उन्होंने हॉलीवुड के दो बड़े नामों का उदाहरण दिया। अभिनेता ने बताया कि उन्होंने हाल ही में क्रिस्टोफर नोलन का एक इंटरव्यू पढ़ा था, जिसमें कहा गया था कि वह किसी फिल्म को पूरा करने में 90 दिनों से ज्यादा समय नहीं लेते। वहीं, अक्षय ने टॉम क्रूज की फिल्म 'मिशन: इम्पॉसिबल' का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने इसे 55 दिनों में पूरा किया था।
दीपिका पादुकोण की आठ घंटे की शिफ्ट पर भी हुआ था विवाद
अक्षय का यह बयान ऐसे समय आया है, जब फिल्म इंडस्ट्री में आठ घंटे की शिफ्ट को लेकर पहले भी चर्चा हो चुकी है। साल 2025 में दीपिका पादुकोण के संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' से कथित तौर पर अलग होने की खबरों के बाद यह मुद्दा सुर्खियों में आया था। बताया गया था कि अभिनेत्री ने आठ घंटे की शिफ्ट की मांग रखी थी। इसके बाद 'कल्कि 2898 एडी' के निर्माताओं ने भी घोषणा की थी कि दीपिका फिल्म के सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। इसी बीच उनके काम के घंटों और मुनाफे में हिस्सेदारी को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आई थीं। अक्टूबर 2025 में दीपिका ने CNBC-TV18 को दिए इंटरव्यू में अपनी मांग का बचाव किया था। उन्होंने कहा था कि इंडस्ट्री में कई पुरुष सुपरस्टार सालों से आठ घंटे की शिफ्ट में काम करते आए हैं, लेकिन उनके मामले में इस पर वैसी आलोचना नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि महिला होने की वजह से उनकी मांग को जरूरत से ज्यादा दबाव बनाने वाला नहीं समझा जाना चाहिए। इस मुद्दे पर आलिया भट्ट, करण जौहर और नेहा धूपिया समेत कई लोगों ने दीपिका का समर्थन किया था।

