'तेजस्वी का बिहार में मन नहीं लगता', यूरोप दौरे को लेकर शाहनवाज हुसैन का लालू के बेटे पर तंज
Updated on
11 Aug 2026, 01:05 PM
भागलपुर: बिहार के भागलपुर में पूर्व मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन सैयद शाहनवाज हुसैन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव के यूरोप दौरे पर तंज करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि उनका मन बिहार में नहीं लगता है, इसीलिए वो विदेश भाग जाते हैं। बता दें, बांकीपुर उपचुनाव के शुरू होने से पहले ही तेजस्वी यादव अपने परिवार के साथ यूरोप के दौरे पर चले गए थे। बांकीपुर में मतदान होने से दो दिन पहले तेजस्वी बिहार लौटे थे और राजद प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया था। हालांकि चुनाव में राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता की जमानत भी जब्त हो गई थी।बिहार का दौरा करें तेजस्वी यादव: शाहनवाज हुसैन
बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने इस दौरान तेजस्वी यादव को सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि लालू यादव के बेटे तेजस्वी को बिहार के सभी जिलों का दौरा करना चाहिए और जनता की समस्याओं को जानना चाहिए, समझना चाहिए। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि तेजस्वी यादव को विपक्षी नेता बने 100 दिन हो गए हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक बिहार के 10 जिलों का भी दौरा नहीं किया है।राजद का भी अब एक्सपाइरी एज हो चुका है: बीजेपी
वहीं राजद के प्रकोष्ठ और इकाइयों के भंग करने पर बिहार के पूर्व उद्योग मंत्री शाहनवाद हुसैन ने कहा कि हमने तो पटना में ही कहा था कि राजद का भी अब एक्सपाइरी एज हो चुका है। राजद से जनता का मोह भंग हो चुका है। ऐसे में राजद को ही अब भंग कर देना चाहिए, क्योंकि राजद का अब अस्तित्व नहीं है। कुछ लोग राजद से जुड़े हुए हैं, जो चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें जो वोट मिलता है, वो राजद के कोटे में गिना जाता है'जंगल राज' स्थापित करने वाले लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाएंगे: शाहनवाज
वहीं तेजस्वी के बिहार सरकार की कानून व्यवस्था को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राजद के लोगों ने बिहार में 'जंगल राज' स्थापित किया था। 'जंगल राज' वाले लोग अब लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाएंगे। तेजस्वी यादव के मुंह से ये शोभा नहीं देता है।