पाकिस्तानी पीएम ने कहा 'हमारी बहुत उपयोगी चर्चा में प्रधानमंत्री रहमान और मैंने व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान में पाकिस्तान-बांग्लादेश के द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही हमने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों के साथ-साथ बहुपक्षीय मंचों पर भी दोनों देशों के बीच करीबी तालमेल बनाए रखने पर सहमति जताई।'
पीएम बनने के बाद शहबाज से पहली बार मिले तारिक रहमान
शहबाज शरीफ ने आगे कहा 'मैंने बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलील-उर-रहमान को 81वें UNGA की अध्यक्षता संभालने पर बधाई दी और उन्हें महासभा के सफल संचालन में पाकिस्तान के समर्थन का भरोसा दिलाया।' वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया है कि दोनों प्रधानमंत्रियों ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और पाकिस्तान-बांग्लादेश संबंधों में आई सकारात्मक गति पर संतोष व्यक्त किया। शहबाज शरीफ ने बांग्लादेश के साथ आपसी फायदे वाले द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने के पाकिस्तान के संकल्प को दोहराया।वहीं बांग्लादेश की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने न्यूयॉर्क में अपने पाकिस्तानी समकक्ष शहबाज शरीफ से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों और बेहतर सहयोग के मौकों पर चर्चा की। तारिक रहमान के प्रधानमंत्री के असिस्टेंट प्रेस सेक्रेटरी केएम नजमुल हक के मुताबिक यह बैठक गुरुवार सुबह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में हुई। नजमुल ने बताया कि दोनों नेताओं ने बांग्लादेश-पाकिस्तान संबंधों के अलग-अलग पहलुओं के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी चर्चा की।
