10 मैच में 60 विकेट लेने वाले गेंदबाज को सेलेक्टर्स ने किया इग्नोर, गुस्साए इरफान पठान ने 6 शब्दों में निकाली भड़ास
नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन मंगलवार को हो गया। जिसके बाद टीम में खिलाड़ियों के सेलेक्शन को लेकर खूब सवाल उठ रहे हैं। खासकर टेस्ट टीम में आकिब नबी के ना चुने जाने पर हर कोई खासा निराश है। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी के प्रदर्शन को तवज्जो न दिए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है।
सोशल मीडिया पर निकाली भड़ास
टीम चयन के तुरंत बाद इरफान पठान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भड़ास निकालते हुए सेलेक्टर्स को एक नसीहत दे डाली। इरफान ने लिखा, 'रणजी ट्रॉफी के शानदार प्रदर्शन को हतोत्साहित मत कीजिए।' दरअसल, कयास लगाए जा रहे थे कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने के बाद जो जगह खाली हुई है उस पर आकिब नबी को मौका मिलेगा।
10 मैच में झटके 60 विकेट
आकिब ने इस रणजी सीजन के 10 मैचों में 2.65 की बेहतरीन इकोनॉमी से कुल 60 विकेट चटकाए थे। इतना ही नहीं उन्होंने कर्नाटक के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी 5 विकेट हॉल लिया था और जम्मू-कश्मीर को उसका पहला रणजी खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता था। दूसरी तरफ, पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार को न सिर्फ टेस्ट टीम में बल्कि 14 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी चुन लिया गया है।











