बाद में सोना नहीं लाने पर उसे मारपीट की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगे। परिवार वालों को भनक लगी तब इस मामले का खुलासा हुआ। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और गहने बरामद किए। इस पूरे मामले में कुछ रसूखदार परिवारों के बच्चे भी शामिल हैं। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
अब जानिए पूरी कहानी
बहतराई निवासी सुशील कुमार शर्मा भारतीय सेना से रिटायर्ड हैं, उन्होंने 14 मार्च को थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और नाबालिगों के साथ चोरी का सोना खरीदने वालों को भी पकड़ लिया। पुलिस ने सभी के कब्जे से चोरी हुए सोने के जेवर बरामद कर लिए।
असली जेवर चुराए, दोस्तों ने पकड़ा दिया नकली सोना
सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि, जब सेना के रिटायर्ड जवान के बेटे से पूछताछ की गई, तब उसने बताया कि अपने दोस्तों के साथ मिलकर घर से जेवर चुराकर बेचने और उससे थार खरीदने की योजना बनाई थी। योजना के तहत वह अपने घर से जेवर चोरी कर ले आया।
वहीं, उसके दोस्तों ने भी जेवर लाने की बात कही, लेकिन उन्होंने असली की जगह नकली जेवर लाकर दे दिए। लड़के को इस बात की भनक तक नहीं लगी और सभी ने मिलकर उन जेवरों को बेचने की तैयारी कर ली।
चोरी के गहनों के पैसे से थार खरीदने की थी प्लानिंग
पूछताछ में एक नाबालिग ने बताया कि सभी दोस्तों ने मिलकर थार खरीदने के लिए अपने-अपने घर से सोना चोरी करने की योजना बनाई। इस दौरान उन्होंने नकली सोना दिखाकर सुशील शर्मा के बेटे से असली सोना चोरी कराया।
सोना बेचकर मिले पैसे गाड़ी खरीदने के लिए पर्याप्त नहीं थे, इसलिए उन्होंने रकम खर्च कर दी। पैसे खत्म होने पर वे फिर से सोना लाने का दबाव बनाने लगे और उसके साथ मारपीट भी की।
कोतवाली क्षेत्र के युवक के जरिए बेचे गए जेवर
पुलिस ने एक-एक कर इस कांड से जुड़े लड़कों को पकड़कर पूछताछ की, तब पता चला कि कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले युवक को जेवर बेचने के लिए दिए। उसने गांधी चौक के पास रहने वाले एक ज्वेलरी व्यवसायी को जेवर बेच दिए। पहली बार में करीब चार लाख रुपए में कुछ जेवर बेचे गए। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य जेवर भी बेचे गए।
बताया जा रहा है कि इस काम में युवक के एक रिश्तेदार ने भी सहयोग किया। उसने नाबालिगों को झांसे में लेकर करीब 5 तोला से अधिक सोना कम दाम में खरीदा था।
कुछ सोना गिरवी रखकर भी उन्होंने रुपए लिए थे। पुलिस ने मामले में महिला समेत दो अन्य खरीदारों को गिरफ्तार किया है। साथ ही करीब 15 लाख कीमती सोने-चांदी के गहनों को बरामद कर लिया है। इस मामले में नाबालिग समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
परिवार को पता चलते ही खुला पूरा राज
नाबालिग के परिवार वालों को घर से जेवर गायब होने की जानकारी मिली, तब उन्होंने बेटे से पूछताछ की तो पूरी साजिश सामने आ गई। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में की गई।











