बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि हाल के महीनों में 100-ऑक्टेन प्रीमियम पेट्रोल की बिक्री दोगुनी से ज्यादा हो गई है। एथेनॉल-ब्लेंडेड फ्यूल से गाड़ियों को संभावित नुकसान की बढ़ती चिंताओं के बीच इसकी बिक्री बढ़ी है। सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियां अलग-अलग ब्रांड के तहत 100-ऑक्टेन पेट्रोल बेचती हैं। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का XP100, बीपीसीएल का Speed100 और एचपीसीएल का Power100 शामिल हैं।
कितनी है कीमत?
दिल्ली में एथेनॉल-फ्री 100-ऑक्टेन पेट्रोल की खुदरा कीमत लगभग ₹160 प्रति लीटर है जबकि E20 पेट्रोल की कीमत ₹102.12 प्रति लीटर है। इस तरह 100-ऑक्टेन पेट्रोल की कीमत आम पेट्रोल से करीब 57 फीसदी महंगा है। दिल्ली में E20 प्रीमियम ग्रेड XP95, Speed97 और Power95 की कीमत लगभग ₹111-112 प्रति लीटर है। इसी तरह मुंबई में 100-ऑक्टेन पेट्रोल की खुदरा कीमत लगभग ₹167.35 प्रति लीटर है, जबकि आम पेट्रोल की कीमत ₹111.21 प्रति लीटर है।100-ऑक्टेन फ्यूल को मुख्य रूप से सुपरकार, लग्जरी सेडान और सुपरबाइक जैसी हाई-परफॉर्मेंस गाड़ियों के लिए बनाया गया है। एक सूत्र ने कहा कि हाल के महीनों में एथेनॉल-फ्री पेट्रोल की मांग में काफी तेजी आई है। सोशल मीडिया पर एथेनॉल-ब्लेंडिंग से गाड़ियों को नुकसान होने के दावों की वजह से यह बढ़ोतरी हुई है। 100-ऑक्टेन की सबसे ज्यादा मांग दिल्ली में दिख रही है।











