एक रन का फासला और चूक गए कीरोन पोलार्ड, टी20 क्रिकेट को मिला अपना पहला 15 हजारी

एक रन का फासला और चूक गए कीरोन पोलार्ड, टी20 क्रिकेट को मिला अपना पहला 15 हजारी
नई दिल्ली: टी20 क्रिकेट को अपना पहला 15 हजारी मिल गया है। इंग्लैंड के जोस बटलर इस फॉर्मेट में 15000 रन बनाने पहले बल्लेबाज बन गए हैं। वेस्टइंडीज के कीरोन पोलार्ड 14999 रनों पर थे लेकिन बटलर ने उनसे पहले 15 हजार का आंकड़ा छू लिया। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में बटलर ने 30 रनों की पारी खेली। इस मैच से पहले उनके 14970 रन थे।

जोस बटलर का टी20 में रिकॉर्ड

528 मैचों में जोस बटलर ने 15000 रन पूरे किए हैं। 2009 में इस फॉर्मेट में बटलर ने अपना पहला मैच खेला था। पहले वह मध्यक्रम के बल्लेबाज थे लेकिन फिर ओपनर हो गए। 497 पारियों में बटलर ने 9 शतक के साथ ही 107 फिफ्टी ठोकी है। उनका औसत करीब 36 जबकि स्ट्राइक रेट 148 का है। उनके बल्ले से 1363 चौकों के साथ 659 छक्के निकले हैं।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड लंबे समय तक क्रिस गेल के नाम था। वह इस फॉर्मेट में 10000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी थे। 2022 में गेल ने अपना आखिरी टी20 मैच खेला था। उनके नाम 14562 रन थे। बटलर और पोलार्ड के अलावा इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स भी रनों के मामले में गेल से आगे निकल चुके हैं। दाएं हाथ के ओपनर के नाम 14581 रन हैं।

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन

  • जोस बटलर- 15000 रन
  • कीरोन पोलार्ड- 14999 रन
  • एलेक्स हेल्स- 14581 रन
  • क्रिस गेल- 14562 रन
  • डेविड वॉर्नर- 14284 रन
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भी जोस बटलर का रिकॉर्ड दमदार है। श्रीलंका के खिलाफ हो रही सीरीज के पहले मैच में ही उन्होंने रनों के मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा था। सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने की लिस्ट में बटलर दूसरे नंबर पर हैं। 162 मैचों में 34 की औसत और 150 की स्ट्राइक रेट से वह 4322 रन बना चुके हैं। इसमें दो शतक और 29 फिफ्टी हैं। सिर्फ पाकिस्तान के बाबर आजम ही उनसे आगे हैं।
Advertisement