भोपाल,30 जुलाई 2026. / आज मध्य प्रदेश में इंटर्न स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के संदर्भ में Voice of Interns, Madhya Pradesh के प्रतिनिधिमंडल की जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में इंटर्न्स द्वारा अपनी मांगों एवं आंदोलन की वर्तमान स्थिति से JDA को अवगत कराया गया। विस्तृत चर्चा के उपरांत JDA ने सर्वसम्मति से इंटर्न स्टाइपेंड वृद्धि आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया।
अपने समर्थन को व्यक्त करते हुए आज JDA के सदस्यों ने चिकित्सीय कार्य के दौरान काली पट्टी (Black Ribbon) बांधकर कार्य किया, जिससे उन्होंने इंटर्न्स के आंदोलन के प्रति अपनी एकजुटता एवं समर्थन दर्ज कराया।
Voice of Interns, Madhya Pradesh जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के इस समर्थन एवं एकजुटता के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता है। यह समर्थन प्रदेश के समस्त मेडिकल समुदाय की एकता का प्रतीक है तथा हमारी न्यायोचित मांग को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
हम आशा करते हैं कि प्रदेश सरकार एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग इस एकजुट आवाज़ को गंभीरता से लेते हुए इंटर्न स्टाइपेंड वृद्धि की मांग पर शीघ्र सकारात्मक एवं लिखित निर्णय लेंगे।











