पंजाब किंग्स की यह लगातार तीसरी हार थी। इस हार के साथ पंजाब किंग्स पॉइंट्स टेबल में 13 अंक के साथ दूसरे नंबर पर आ गई है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की इस सीजन की यह 7वीं जीत थी। वे अब टेबल में 14 पॉइंट्स के साथ टेबल में टॉप पर आ गए हैं।
पंजाब के लिए कूपर कोनोली ने ठोका नाबाद शतक
पंजाब किंग्स के ओपनर्स प्रियांश आर्य (1) और प्रभसिमरन सिंह (3) जल्दी आउट हो गए थे। कप्तान श्रेयस अय्यर 5 रन बनाकर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया के कूपर कोनोली अंत तक लड़ते रहे। लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। कूपर कोनोली ने शतक जड़ा। उन्होंने 59 गेंद में नाबाद 107 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 8 छक्के लगाए। कूपर का स्ट्राइक रेट 181.36 का था।कूपर कोनोली के अलावा मार्कस स्टोइनिसने 28 रन बनाए। 25 रन सूर्यांश शेडगे ने बनाए। 19 रन मार्को यानसन ने भी बनाए। हैदराबाद के लिए 2-2 विकेट पैट कमिंस और शिवांग कुमार ने लिए। 1-1 विकेट नीतीश रेड्डी, ईशान मलिंगा और साकिब हुसैन ने लिया।
कुछ ऐसी रही हैदराबाद की पारी
बुधवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 235 रन बनाए थे। इस टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई थी। दोनों खिलाड़ियों ने 3.3 ओवरों में 54 रन की साझेदारी की। अभिषेक 13 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे।यहां से ट्रेविस हेड ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 30 रन की साझेदारी की। ट्रेविस 19 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 38 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन ने हेनरिक क्लासेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 88 रन जोड़ते हुए एसआरएच को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।











