कंबोडियन गर्लफ्रेंड से शादी करने के लिए 12 घंटे की परोल पर जेल से बाहर आया गैंगस्टर मैनपाल, दोनों के हैं 4 बच्चे
Updated on
24 Sep 2026, 01:52 PM
झज्जर: हरियाणा के झज्जर में गैंगस्टर मैनपाल ढिल्ला आज अपनी कंबोडियन पार्टनर मेटाचान से शादी करने जा रहा। कोर्ट से मिली 12 घंटे की कस्टडी पैरोल के तहत उसे सुबह दुलीना जेल से कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच फार्म हाउस लाया गया। शादी की तैयारियां परिवार की ओर से पहले ही पूरी कर ली गई थीं। शादी समारोह में करीब 500 मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। सुरक्षा को देखते हुए फार्म हाउस में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आईडी जांची जा रही है। साथ ही मेहमानों के नाम और मोबाइल नंबर भी दर्ज किए जा रहे हैं। मैनपाल को रात 8 बजे से पहले वापस जेल लौटना होगा। दोपहर बाद वह मेटाचान के साथ शादी की रस्में पूरी करेगा।कंबोडिया में हुई थी दोनों की मुलाकात
मैनपाल वर्ष 2018 में परोल के दौरान फरार होकर कंबोडिया चला गया था। वहां उसने बीयर बार और रेस्टोरेंट का कारोबार शुरू किया। इसी दौरान उसकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाली मेटाचान से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में उनका रिश्ता गहरा हो गया। बताया गया है कि मेटाचान ने मैनपाल के रेस्टोरेंट के कारोबार में भी उसका सहयोग किया। कारोबार में साथ काम करने के दौरान दोनों करीब आए और बाद में साथ रहने लगे।तीन बच्चों के साथ भारत पहुंची मेटाचान
मेटाचान 12 सितंबर को अपने तीन बच्चों के साथ भारत पहुंची थी। दोनों के चार बच्चे बताए जा रहे हैं, जबकि सबसे छोटी बेटी कंबोडिया में है। मेटाचान फिलहाल मैनपाल के दूसरे घर में रह रही है। शादी के बाद मेटाचान 10 अक्टूबर तक अपने ससुराल में रहेगी। इसके बाद वह कंबोडिया लौट जाएगी। जरूरी कागजी कार्रवाई और अनुमति पूरी होने के बाद उसके दोबारा भारत आने की प्रक्रिया की जाएगी