'फॉरएवर मुंबई', IPL बदलने के सवाल पर रोहित ने दिया जवाब, सुनकर खुशी से झूम उठेंगे मुंबई फैंस

'फॉरएवर मुंबई', IPL बदलने के सवाल पर रोहित ने दिया जवाब, सुनकर खुशी से झूम उठेंगे मुंबई फैंस
नई दिल्ली: आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी हार्दिक पांड्या को मिलने के बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि रोहित शर्मा किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के लिए खेलते नजर आ सकते हैं। हालांकि, रोहित और मुंबई ने बार-बार संकेत दिए हैं कि उनका साथ नहीं छूटने वाला। रोहित ने अपने टीवी शो में एक बार फिर साफ किया कि उनका आईपीएल टीम बदलने का कोई इरादा नहीं हैं। रोहित का वीडियो सोनी टीवी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

सोनी के शो 'फैमिली टाइम विद रोहित शर्मा' में पूर्व भारतीय क्रिकेटर अभिषेक नायर अतिथि के रूप में शामिल हुए। रोहित के करीबी दोस्त माने जाने वाले नायर ने पूर्व भारतीय कप्तान को चिढ़ाते हुए कहा कि उन्होंने पीली जर्सी पहनी है और क्या यह उनकी अगली फ्रेंचाइजी का संकेत है। इस तरह उन्होंने इशारों-इशारों में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर इशारा किया। नायर ने यह भी कहा कि रोहित बैंगनी और सुनहरे रंग की जर्सी में अच्छे लगेंगे, जो केकेआर की जर्सी का रंग है। अभिषेक टीम के मुख्य कोच भी हैं, लेकिन रोहित ने केकेआर में जाने की संभावना से इंकार किया।

फैंस को पसंद आया रोहित का जवाब

शो के सेट में मौजूद फैंस इस चर्चा के बीच 'मुंबई, मुंबई' के नारे लगाने लगे। इस पर रोहित ने कहा 'फॉरएवर'। रोहित के इस जवाब से साफ हो गया कि वह मुंबई की टीम के लिए खेलते हुए ही नजर आएंगे। रोहित का जवाब मुंबई इंडियंस के फैंस को खूब पंसद आ रहा है। रोहित 6 आईपीएल ट्रॉफी जीत चुके हैं। इनमें से 5 उन्होंने मुंबई की कप्तानी करते हुए जीती हैं। वहीं, पहली ट्रॉफी डेक्कन चार्जर्स का हिस्सा रहते हुए जीती थी।

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलेंगे रोहित

रोहित शर्मा अब वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे। वह टेस्ट और टी20 से संन्यास का ऐलान कर चुके हैं और सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं। 2027 वनडे विश्व कप रोहित का आखिरी आईसीसी टूर्नामेंट हो सकता है। भारत के इंग्लैंड दौरे के समय खबर आई थी कि रोहित को वनडे टीम से बाहर किया जा सकता है, लेकिन अब तक ऐसा होने के संकेत नहीं मिले हैं।
Advertisement