- भगवान शिव सहित देवी-देवताओं को रक्षा-सूत्र अर्पित कर भक्तों ने किया हवन, सुख-शांति एवं मंगल की कामना
भोपाल, श्रावण मास के अंतिम दिन श्रावण पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन का पावन पर्व जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर, भोपाल में श्रद्धा, विश्वास और भक्ति के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव सहित मंदिर में विराजमान सभी देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा रक्षा-सूत्र अर्पित किए। पूर्णिमा के विशेष धार्मिक अवसर पर भक्तों द्वारा विधि-विधानपूर्वक हवन भी किया गया। हवन में श्रद्धालुओं ने आहुति अर्पित करते हुए भगवान से परिवार की सुख-शांति, आरोग्य, समृद्धि तथा समस्त समाज एवं विश्व के कल्याण की प्रार्थना की। वैदिक मंत्रोच्चार और अग्निदेव को समर्पित आहुतियों से मंदिर परिसर का वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय हो गया। श्रावण मास भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। पूरे सावन में श्रद्धालुओं ने प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा-अर्चना में सहभागिता की। मंदिर के अध्यक्ष श्री शिवरतन नामदेव एवं ट्रस्टियों ने बताया कि श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। बड़ी संख्या में भक्त इस धार्मिक साधना से जुड़े और भगवान भोलेनाथ के श्रीचरणों में अपनी श्रद्धा समर्पित की। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव एवं अन्य देवी-देवताओं को रक्षा-सूत्र बांधकर भावपूर्ण प्रार्थना की “हे प्रभु! हमारे सभी कष्टों को दूर करें, जीवन में सुख-शांति प्रदान करें और हमारी सभी शुभ मनोकामनाएं पूर्ण करें।” भक्तों ने अपने परिवार, समाज और समस्त मानवता की रक्षा एवं मंगल के लिए ईश्वर से आशीर्वाद मांगा।
श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री शिवरतन नामदेव एवं ट्रस्टियों ने कहा कि श्रावण मास में प्रतिदिन की गई शिव आराधना,रुद्राभिषेक और पूर्णिमा के अवसर पर संपन्न हवन भक्तों की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। यह संपूर्ण धार्मिक साधना श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव की कृपा एवं आशीर्वाद से संपन्न हुई। दादाजी गुरुदेव की कृपा से भक्तों को भगवान शिव की आराधना, सेवा और आध्यात्मिक साधना से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ। श्रावण पूर्णिमा के इस पावन समापन अवसर पर भक्तों ने पूरे सावन में की गई पूजा-अर्चना को भगवान शिव के श्रीचरणों में समर्पित किया। रक्षा-सूत्र अर्पित करते हुए सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रत्येक परिवार पर भगवान की कृपा बनी रहे, दुख एवं संकट दूर हों और जीवन में धर्म, सद्भाव, सुख तथा शांति का प्रकाश बना रहे। “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर, भोपाल का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर परिवार की ओर से सभी श्रद्धालुओं को श्रावण पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
