काउंटी क्रिकेट में एक और भारतीय ने किया कमाल, 7 विकेट लेकर ससेक्स को दिलाई जीत

काउंटी क्रिकेट में एक और भारतीय ने किया कमाल, 7 विकेट लेकर ससेक्स को दिलाई जीत
साउथेम्प्टन: भारत के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट निकाले और ससेक्स को हैंपशायर पर शानदार जीत दिलाई। उन्होंने पहली पारी में 32 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। वहीं, दूसरी पारी में 29 रन देकर 2 विकेट लिए। ससेक्स ने यह मैच 197 रन से अपने नाम किया। हेन्स ने 130 रन की पारी खेलकर टीम की जीत में योगदान दिया। वहीं, लेनिंग ने भी 78 रन बनाए।

ससेक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 244 रन बनाए थे। इसके जवाब में हैंपशायर की टीम 128 रन ही बना पाई और पहली पारी में 116 रन से पिछड़ गई। ससेक्स ने दूसरी पारी 319 रन पर घोषित की और हैंपशायर के सामने 435 रन का विशाल लक्ष्य रखा। इसके जवाब में हैंपशायर 238 रन ही बना पाई और 197 रन से मैच हार गई।

पहली पारी में क्या हुआ?

ससेक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 244 रन बनाए। लेनिंग ने 78, कार्सन ने 46 और टियर ने 43 रन का योगदान दिया। हैंपशायर के लिए जैक और फुलर ने 3-3 विकेट लिए। एबॉट को 2 विकेट मिले। इसके जवाब में हैंपशायर की टीम 128 रन पर ही सिमट गई। सबसे ज्यादा 36 रन ब्राउन ने बनाए। ससेक्स के लिए जयदेव उनादकट ने 5 विकेट लिए। प्राइस और कोल्स को 2-2 विकेट मिले।

दूसरी पारी में क्या हुआ?

ससेक्स ने अपनी दूसरी पारी 9 विकेट पर 319 रन बनाकर घोषित की। हेन्स ने 130 रन की शानदार पारी खेली। कार्टर ने 40 रन बनाए। अंत में कार्सन ने 16 गेंद में 28 रन की तेज पारी खेली। हैंपशायर के लिए ऑर्गन और नील ने 4-4 विकेट निकाले। वहीं, हैंपशायर ने दूसरी पारी में 238 रन बनाए। गबिंस ने 51, मेयस ने 47 और नील ने 46 रन की पारी खेली। ससेक्स के लिए प्राइस ने 5 विकेट लिए। कार्सन को 3 और उनादकट को 2 विकेट मिले।
Advertisement