Vi New Voice Only Recharge: टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के आदेशों पर टेलीकॉम कंपनियों ने अमल करना शुरू कर दिया है। एयरटेल के बाद अब वीआई (Vi) ने भी अपने ग्राहकों के लिए Voice Only रिचार्ज प्लान लॉन्च कर दिए हैं। कुल 4 प्रीपेड मोबाइल रिचार्ज वीआई की वेबसाइट पर लिस्ट किए गए हैं, जिनमें अनलिमिटेड कॉलिंग और वैलिडिटी मिल रही है। इससे उन लोगों को मजबूरी में डेटा वाले रिचार्ज नहीं खरीदने पड़ेंगे, जिन्हें डेटा की जरूरत नहीं है। Vi ने जो प्रीपेड रिचार्ज लॉन्च किए हैं, उनमें सबसे सस्ता 179 रुपये का है। डिटेल में जानते हैं।
Vi ने लॉन्च किए 4 प्रीपेड रिचार्ज
वोडा-आइडिया ने 4 वॉइस ओनली रिचार्ज लॉन्च किए हैं।
179 रुपये वाला प्लान सबसे सस्ता है, जिसमें 25 दिन वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग दी जाएगी। साथ ही 300 SMS मिलेंगे।
185 रुपये वाला प्रीपेड रिचार्ज दूसरा विकल्प है। इसमें 28 दिनों की वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS मिलेंगे।
203 रुपये का प्लान भी वीआई ने उतारा है। इसमें 30 दिन वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS दिए जाएंगे।
206 रुपये का रिचार्ज उन लोगों के लिए आया है, जिन्हें 1 महीने की वैलिडिटी चाहिए। इसमें अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ 300 SMS दिए जा रहे हैं।
वेबसाइट पर लाइव, ऐप पर अभी नहीं
खबर लिखे जाने तक Vi के नए वॉइस ओनली प्लान वेबसाइट पर उपलब्ध हो गए हैं। NBT Tech ने Vi के ऐप पर भी इन मोबाइल रिचार्ज को चेक किया, लेकिन वहां इनकी लिस्टिंग नहीं दिखी।
चुपचाप लॉन्चिंग, नहीं दी जा रही जानकारी
आमतौर पर टेलीकॉम कंपनियां अपनी स्कीम्स और रिचार्ज का जोर-शोर से प्रचार करती हैं, लेकिन वॉइस ओनली प्लान को उस तरह से प्रचारित नहीं किया जा रहा है। एयरटेल ने भी चुपचाप इन प्लान्स को लॉन्च किया था। अब वीआई ने भी वेबसाइट पर इन्हें लिस्ट कर दिया लेकिन कोई प्रचार नहीं किया जा रहा। सर्च करने पर ये रिचार्ज दिखाई देते हैं, लेकिन प्रमुख रिचार्जों में इन्हें शामिल नहीं किया गया है।
ट्राई ने दिया था आदेश
सितंबर महीने में ट्राई ने ‘टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (तेरहवां संशोधन) रेगुलेशन, 2026’ के नियमों को जारी किया था। इसके तहत Jio-Airtel-Vi-BSNL को आदेश दिया गया था कि उन्हें अपने ग्राहकों के लिए सिर्फ कॉल और एसएमएस वाले नए व सस्ते मोबाइल रिचार्ज लेकर आने होंगे। सबसे पहले एयरटेल ने वॉइस ओनली प्लान लॉन्च किए थे। अब वीआई ने इन्हें लॉन्च किया है। अगर आपके घर में वाई-फाई ब्राॅडबैंड लगा है और आपको मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती, तो ये रिचार्ज प्लान आपके लिए किफायती विकल्प साबित हो सकते हैं। वॉइस ओनली प्लान में सिर्फ कॉलिंग और SMS की सुविधा दी जाती है।

