नई दिल्ली, भारत में इंस्टाग्राम पर राजनीतिक पोस्ट की पहुंच और उन पर लोगों की प्रतिक्रिया (लाइक, कमेंट, शेयर) में बड़ा बदलाव आया है। इसके चलते प्रधानमंत्री से लेकर बड़े केंद्रीय मंत्रियों और विपक्षी नेताओं के खातों पर लोगों की सक्रियता कम हो गई है।
हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और सत्तारूढ़ भाजपा, दोनों के ही आधिकारिक खातों से जुड़ने वालो की संख्या बढ़ी है।
यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब इंस्टाग्राम की मूल कंपनी ‘मेटा’ ने भारत के लिए अपने ‘सुझाव देने वाले तंत्र’ में बदलाव किया है। कंपनी का कहना है कि अब वह एआई की मदद से अश्लील और हिंसक सामग्री की पहचान कर रही है। ऐसी सामग्री को लोगों को सुझाना सीमित किया जा रहा है।
कंपनी का दावा- शिकायतें आधी हुईं
कंपनी का दावा है कि इस बदलाव के बाद भारतीय उपयोगकर्ताओं की शिकायतें पिछले साल की तुलना में लगभग आधी रह गई हैं।
हालांकि, कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि पार्टियों के प्रशंसक कितने बढ़े हैं, कितनी पोस्ट की पहुंच रोकी गई और कितने खातों पर इसका असर पड़ा है। राजनीतिक और समाचार से जुड़ी सामग्री की दृश्यता में क्या बदलाव आया, इस पर भी कंपनी चुप है।
नेताओं की एंगेजमेंट क्यों गिरी और पार्टियों की अचानक क्यों बढ़ी?
जब किसी नेता की पोस्ट केवल उनके मौजूदा फॉलोअर्स तक सीमित रह जाती है और वायरल (रिकमेंड) नहीं होती, पर उस पर आने वाले लाइक्स, कमेंट्स और व्यूज (एंगेजमेंट) गिर जाते हैं।
जब एल्गोरिद्म खुद से राजनीतिक कंटेंट दिखाना कम कर देता है, तो यूजर्स को ताजा अपडेट्स के लिए पार्टियों के आधिकारिक अकाउंट्स को फॉलो करना पड़ता है।

