वॉशिंगटन डीसी, अमेरिका की खुफिया एजेंसियों CIA और ODNI के कंप्यूटर सिस्टम पर बुधवार को साइबर अटैक हुआ है। हैकर्स ने सार्वजनिक स्रोतों से खुफिया जानकारी जुटाने और उसका एनालिसिस करने वाले सिस्टम में सेंध लगाई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सिस्टम में सोशल मीडिया, इंटरनेट, सैटेलाइट तस्वीरों और निजी डेटा कंपनियों से मिलने वाली जानकारियों का एनालिसिस किया जाता है।
फिलहाल हमले के पीछे किसका हाथ था और कितना डेटा प्रभावित हुआ, इसकी जानकारी नहीं मिली है। अधिकारियों के मुताबिक, सिस्टम की गड़बड़ी ठीक कर दी गई है और कोई गोपनीय जानकारी प्रभावित नहीं हुई है।
पिछले हफ्ते नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) का गोपनीय नेटवर्क भी कुछ समय के लिए बंद हो गया था। वहीं, FBI के राष्ट्रीय अपराध सूचना डेटाबेस में सेंधमारी की जांच चल रही है।
हालांकि, ट्रम्प प्रशासन ने इन घटनाओं के पीछे किसी एक संगठित साइबर हमले की आशंका से इनकार किया है।
राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के मुताबिक, हैकर अब AI की मदद से सॉफ्टवेयर की कमजोरियां तेजी से खोज रहे हैं। इससे निपटने के लिए सरकारी सिस्टम को लगातार अपडेट और सुरक्षा पैच की जरूरत पड़ रही है।
दुनिया के टॉप-7 साइबर अटैक प्रभावित देशों में भारत भी शामिल
माइक्रोसॉफ्ट की डिजिटल डिफेंस रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, दुनिया के टॉप-7 साइबर अटैक प्रभावित देशों में अमेरिका टॉप पर है। वहीं, भारत सातवें नंबर पर है। दुनिया भर में ट्रैक किए गए साइबर खतरों में भारत की हिस्सेदारी 2.5% रही।

