'जुनूनी होना पड़ता है', पकड़ा मार्केट का खाली कोना, फिर ऐसे खड़ा किया 1 साल में 1 करोड़ कमाने वाला ब्रांड

'जुनूनी होना पड़ता है', पकड़ा मार्केट का खाली कोना, फिर ऐसे खड़ा किया 1 साल में 1 करोड़ कमाने वाला ब्रांड
नई दिल्‍ली: यह कहानी है गजल गुप्‍ता की। वह मुंबई की रहने वाली हैं। उन्‍होंने मार्केट सेगमेंट में एक खाली कोना पकड़कर सफल ब्रांड खड़ा कर दिया है। इसका नाम Un:fltrd है। यह ब्‍यूटी ब्रांड आज के दौर की व्यस्त महिलाओं की जीवनशैली के अनुकूल, कम समय लेने वाला स्किनकेयर-इन्फ्यूज्ड मेकअप उपलब्ध कराता है। सोशल मीडिया पर हजारों फॉलोअर्स और अपने ग्राहकों को को-क्रिएटर्स बनाने वाला यह बूटस्ट्रैप्ड ब्रांड अपनी लॉन्चिंग के महज एक साल के भीतर ही 1 करोड़ रुपये से ज्‍यादा का रेवेन्‍यू पार कर चुका है। आइए, यहां गजल गुप्‍ता की सफलता के सफर के बारे में जानते हैं।

गजल ने एनएमआईएमएस से फाइनेंस में बीएससी और बार्सिलोना से मार्केटिंग मैनेजमेंट में एमएससी की है। उन्‍हें हमेशा से अपने परिवार के बिजनेस में जुड़ने के लिए तैयार किया गया था। लेकिन, वह अपने दम पर कुछ बड़ा करना चाहती थीं। हूडा ब्यूटी और एस्टी लाउडर जैसे अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो को संभालने के अपने अनुभव और कोरियाई यात्रा के दौरान ब्‍यूटी इंडस्‍ट्री की बारीकियों को समझने के बाद उन्होंने एक चीज महसूस की। उन्‍हें लगा कि भारत के 1.8 अरब डॉलर के कलर कॉस्मेटिक्स बाजार में बड़ा गैप है। ज्यादातर प्रोडक्ट्स आज की व्यस्त और कामकाजी महिलाओं की तेज रफ्तार जिंदगी के अनुकूल नहीं थे। यहीं से उन्‍हें अपने स्‍टार्टअप को जन्म देने का आइडिया आया।

ब्रांड की सबसे बड़ी खासियत इसका 'कस्टमर-फर्स्ट' एप्रोच था। बिना कोई प्रोडक्‍ट बाजार में उतारे गजल ने इंस्टाग्राम पर अपने 85,000 फॉलोअर्स के साथ मजबूत कम्‍युनिटी तैयार की। 1,000 से अधिक महिलाओं का सर्वे करने के बाद 150 कम्युनिटी सदस्यों के साथ मिलकर अपना पहला प्रोडक्ट 'कुशन फाउंडेशन' बनाया। चीन से आने वाली पैकेजिंग में शुरुआती दिक्कत और भारी लागत के बावजूद उन्होंने सही समय पर गलती सुधारते हुए बेहतर क्वालिटी सुनिश्चित की। इससे ग्राहकों का यह भरोसा और मजबूत हुआ कि यह ब्रांड उनके सुझावों और जरूरतों को ध्यान में रखकर ही उत्पाद बना रहा है।

आज ब्रांड ऐसे स्किनकेयर-इन्फ्यूज्ड और ऑन-द-गो मेकअप प्रोडक्‍ट बेचता है जिनमें नियासिनएमाइड जैसे बेहतरीन तत्व शामिल होते हैं। स्किनकेयर-इन्फ्यूज्ड का मतलब ऐसे मेकअप प्रोडक्‍ट से है जिनमें मेकअप के साथ त्‍वचा की देखभाल करने वाले तत्व भी मिले हों। इसके मुख्य प्रोडक्‍ट में 'ऑलमोस्‍ट रेडी कुशन फाउंडेशन', 'ऑलमोस्‍ट ब्‍लेंडेड ब्‍लश' और 100% रिडीमेबल शेड-मैचिंग ट्रायल किट शामिल है। इसकी मदद से ग्राहक पहले शेड परखते हैं। फिर फुल-साइज प्रोडक्‍ट खरीदते हैं। इसके अलावा, पर्यावरण को ध्यान में रखकर इसके प्रोडक्‍ट रिफिलेबल पैन और सस्टेनेबल पैकेजिंग आर्किटेक्चर के साथ डिजाइन किए गए हैं। ये आधुनिक महिलाओं के रोजमर्रा के रूटीन को बेहद आसान बनाते हैं।

बूटस्ट्रैप्ड रहकर पिछले साल (2025) सितंबर में इस ब्रांड को लॉन्च किया गया था। अपने बेहतरीन प्रोडक्ट्स, 750 रुपये के एवरेज ऑर्डर वैल्यू (AOV) और 30 से 35 लाख रुपये के मंथली रन रेट के दम पर इस स्टार्टअप ने लॉन्च के पहले साल में ही 1 करोड़ रुपये का रेवेन्‍यू पार कर लिया है। गजल गुप्ता अब लिप कैटेगरी में नए प्रोडक्‍टों के साथ इस ब्रांड को हर कामकाजी महिला के दैनिक जीवन का सहज हिस्सा बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। एक इंटरव्‍यू में गजल ने कहा, 'फाउंडर होना माइंडसेट है। चीजों को मुमकिन बनाने के लिए आपको एक खास हद तक जुनूनी होना पड़ता है।'

Advertisement