कमाल की दौड़ लगाई
भारत की किरण पहल, पूवम्मा माचेत्रा, प्राची और विथ्या रामराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विमिंस 4X400 मीटर रिले में गोल्ड मेडल जीता। इन खेलों में एथलेटिक्स में भारत का पहला स्वर्ण पदक है। भारतीय टीम ने तीन मिनट 29.69 सेकंड का समय निकाला। यह विथ्या का इन खेलों में तीसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 400 मीटर हर्डल रेस में नेशनल रिकॉर्ड के साथ ब्रॉन्ज मेडल और मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में सिल्वर मेडल जीता था।पहले बैटन एक्सचेंज में तीसरे पर थे
भारत ने लेन छह से रिले की शुरुआत की और किरण को शुरुआती लेग की जिम्मेदारी सौंपी गई। किरण ने तीसरे स्थान पर बैटन को पास किया, जिससे पूवम्मा पर अंतर को कम करने की जिम्मेदारी आ गई। उन्होंने दूसरे लेग में शानदार प्रदर्शन किया और भारत को आगे की दौड़ में शामिल किया। इसके बाद उन्होंने प्राची को बैटन सौंपा। प्राची ने भारत को मेडल की दौड़ में मजबूती से बनाए रखते हुए यह सुनिश्चित किया कि विथ्या को एंकर लेग के लिए अच्छी स्थिति में बैटन मिले।इसके बाद आखिरी लेप विथ्या के नाम रहा। विथ्या ने जल्द ही अपनी लय पकड़ ली और आगे चल रही धावकों से अंतर कम करना शुरू कर दिया। 200 मीटर के निशान के आसपास विथ्या ने अपनी गति तेज की। विथ्या ने दौड़ के आखिरी हिस्से में अपना संयम बनाए रखा और सबसे पहले फिनिश लाइन पार की। इससे पहले गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, स्नेहा सत्यनारायण और हरिता भद्रा ने 4X100 मीटर मिक्स्ड रिले फाइनल में 41.06 सेकंड का समय निकालकर ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया।
