भोपाल के शाही कब्रिस्तान में मेट्रो काम पर बवाल, विधायक आतिफ अकील ने बंद कराया काम, कहा- यहां उनके पूर्वजों की कब्र है

भोपाल के शाही कब्रिस्तान में मेट्रो काम पर बवाल, विधायक आतिफ अकील ने बंद कराया काम, कहा- यहां उनके पूर्वजों की कब्र है

भोपाल। शहर के भोपाल टॉकीज इलाके में स्थित शाही कब्रिस्तान में मेट्रो के अंडर ग्राउंड के काम के दौरान उत्तर से कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने सोमवार देर रात बैरिकेडिंग कर रहे कर्मचारियों को रोक दिया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया। विधायक की नाराजगी को देख मंगलवार शाम कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक बुलाई गई।

बैठक में विधायक आतिफ अकील, मेट्रो एमडी एस. कृष्ण चैतन्य, एसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान और शाही औकाफ के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में मेट्रो एमडी ने कहा कि तकनीकी कारणों से अब रूट का एलाइनमेंट बदलना संभव नहीं है, क्योंकि इसी हिस्से से मेट्रो एलिवेटेड ट्रैक से अंडरग्राउंड रूट में प्रवेश करेगी।

मेट्रो प्रबंधन ने कहा कि निर्माण के दौरान किसी भी कब्र को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। विशेष टीन शेड और बैरिकेडिंग की जाएगी। निर्माण केवल उसी खाली हिस्से में होगा जहां कोई कब्र नहीं है और काम पूरा होने के बाद जमीन को पहले जैसी स्थिति में लौटा दिया जाएगा।

मेट्रो कब्रिस्तान छोड़कर करें काम

विधायक आतिफ अकील का कहना है कि कब्रिस्तान में उनके पूर्वजों सहित कई लोगों की कब्र हैं। मेट्रो कब्रिस्तान छोड़कर कहीं भी काम करें, हमें कोई आपत्ति नहीं है। विधायक ने मांग की कि जब तक मध्य प्रदेश राज्य वक्फ ट्रिब्यूनल से वैधानिक अनुमति नहीं मिल जाती, तब तक कब्रिस्तान की जमीन पर काम रोका जाए।

आज होगा साइट विजिट

कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि बुधवार को प्रशासनिक और मेट्रो की टीम संयुक्त साइट विजिट कर स्थिति का मुआयना करेगी, जिसके बाद आगे के काम की रूपरेखा तय होगी। बता दें कि 16.74 किमी लंबे इस प्रोजेक्ट में 3.39 किमी हिस्सा अंडरग्राउंड रहेगा।

Advertisement