बेनेट ने यह बात मंगलवार को 'हारेट्ज़' की एक जांच रिपोर्ट छपने के बाद कही जिसमें बताया गया था कि यूएई के राष्ट्रपति बिन जायद ने नेतन्याहू को खास तौर पर चेतावनी दी थी कि हमास के तत्कालीन नेता याह्या सिनवार एक ऑपरेशन की योजना बना रहे थे।
उन्होंने कहा 'अमीरात के मोहम्मद बिन जायद ने नेतन्याहू को चेतावनी दी थी कि सिनवार एक ऑपरेशन की योजना बना रहे थे। मिस्र की जनरल इंटेलिजेंस के प्रमुख अब्बास कामेल ने भी नरसंहार से कुछ दिन पहले नेतन्याहू को चेतावनी दी थी कि एक बड़े ऑपरेशन की योजना बनाई जा रही थी।' उन्होंने आगे कहा 'मैं किसी के साथ अपने रिश्तों के बारे में बात नहीं करना चाहता। मैं आपको बता रहा हूं कि मुझे पता है कि यह बात सच है।'
क्या UAE के राष्ट्रपति ने नेतन्याहू को किया था टेलीफोन?
इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने 7 अक्टूबर के हमले से करीब 10 दिन पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन किया था। इस रिपोर्ट का समर्थन इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने भी किया है। हारेत्ज़ की एक खोजी रिपोर्ट और एक नई किताब के मुताबिक यूएई के राष्ट्रपति ने आबू धाबी के राष्ट्रपति महल से नेतन्याहू को फोन किया था और दोनों नेताओं के बीच 45 मिनट तक बातचीत हुई थी।क्या नेतन्याहू ने हमास के हमले को लेकर लापरवाही बरती?
रिपोर्ट के मुताबिक यूएई के राष्ट्रपति बिन जायद ने नेतन्याहू से इस खतरे को गंभीरता से लेने को कहा था। लेकिन नेतन्याहू ने जवाब दिया कि उनके आकलन के अनुसार हमास वेस्ट बैंक में कार्रवाई करने की योजना बना रहा है और उन्होंने UAE के राष्ट्रपति को भरोसा दिलाया कि इजरायल किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है।इस बातचीत की जानकारी रखने वाले तीन वरिष्ठ विदेशी सूत्रों का हवाला दिया गया। रिपोर्ट में बिन जायद के एक करीबी सलाहकार का भी जिक्र है जिन्होंने बताया कि यह चेतावनी एक ऐसे फिलिस्तीनी मध्यस्थ के जरिए मिली जिसके हमास और इजरायली सुरक्षा अधिकारियों दोनों से संबंध थे।
जांच में बताया गया कि सितंबर 2023 में सिनवार ने उसी मध्यस्थ के जरिए चेतावनी दी थी कि वह एक 'ज़िलज़ाल' यानी भूकंप की तैयारी कर रहा है। बाद में उसने अपनी योजना को 'सभी सरप्राइज में सबसे बड़ा सरप्राइज' और 'एक भयानक ऑपरेशन' बताया। आपको बता दें कि बाद में इजरायली ऑपरेशन में याह्या सिनवार को इजरायली सैनिकों ने मार गिराया।
