राष्ट्रीय ग्रामीण स्वराज अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण

राष्ट्रीय ग्रामीण स्वराज अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण

एमसीबी। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायत विकास योजना विषय पर जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ के सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं की जानकारी को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पंचायत विकास योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान प्रतिभागियों को पंचायतों में विकास कार्यों की योजना निर्माण प्रक्रिया, जनभागीदारी, स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों के चयन तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, पोषण अभियान तथा अन्य महत्वपूर्ण ग्रामीण विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छ ग्राम निर्माण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण का संचालन विकासखंड स्तर पर पदस्थ अधिकारियों एवं स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक समन्वयक द्वारा किया गया। विशेषज्ञों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनजागरूकता बढ़ाने तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

प्रशिक्षण में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर उसे अपने कार्यक्षेत्र में लागू करने तथा ग्रामीणों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने का संकल्प लिया। यह प्रशिक्षण ग्रामीण विकास, स्वच्छता और पोषण संबंधी सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


Advertisement