सिंदूर पार्क के विकास को मिलेगा नया स्वरूप

सिंदूर पार्क के विकास को मिलेगा नया स्वरूप

रायपुर, वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ स्थित सिंदूर पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में अब तक हुए निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए इसके बेहतर संचालन, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने किया निरीक्षण, सुविधाओं के विस्तार और ऑपरेशन सिंदूर की स्मृतियों को संजोने के दिए निर्देश

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने किया निरीक्षण, सुविधाओं के विस्तार और ऑपरेशन सिंदूर की स्मृतियों को संजोने के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान श्री चौधरी ने सिंदूर पार्क परिसर में ध्वजारोहण के लिए स्थल विकसित करने तथा ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी को स्थायी रूप से प्रदर्शित करने के लिए शिलालेख स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क परिसर में पौधरोपण, घास एवं हरित क्षेत्र विकसित करने के साथ ही आम नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य, साहस और पराक्रम का प्रतीक है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा आतंकवादी ठिकानों के विरुद्ध की गई कार्रवाई ने देश की दृढ़ इच्छाशक्ति और सैन्य सामर्थ्य का परिचय दिया। रायगढ़ में विकसित किया जा रहा सिंदूर पार्क इसी शौर्य और पराक्रम की स्मृतियों को जनमानस से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने अधिकारियों को पार्क के सभी विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा परिसर को आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंदूर पार्क ऐसा स्थल बने, जहां वीर जवानों के शौर्य को नमन करने के साथ-साथ शहरवासी बेहतर वातावरण में समय भी बिता सकें। इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, पार्षदगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement