सऊदी ने बनाया हूतियों के खिलाफ बड़े हमले का प्लान, 100000 यमनी सैनिकों को जंग में उतारने की तैयारी, खुलासा

सऊदी ने बनाया हूतियों के खिलाफ बड़े हमले का प्लान, 100000 यमनी सैनिकों को जंग में उतारने की तैयारी, खुलासा
रियाद: ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब एक बड़ा सैन्य अभियान शुरू करने की तैयारी कर रहा है। मामले की जानकारी रखने वाले क्षेत्रीय और पश्चिमी अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती रणनीतिक विकल्पों में लाल सागर के अहम शिपिंग रूट की सुरक्षा के लिए तटीय इलाकों में केंद्रित अभियान या कई मोर्चों पर व्यापक हमला शामिल है।

इस तैयारी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि आने वाले हफ्तों में यह अभियान शुरू किया जाएगा। इसका नेतृत्व यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार की सेना करेगी। सऊदी अरब इस अभियान की निगरानी करेगा और हवाई मदद भी देगा। सूत्रों का यह भी कहना है कि पश्चिमी सहयोगियों के इस लड़ाई में सीधे शामिल होने की उम्मीद नहीं है।

हूतियों के कब्जे से छीनेंगे इलाका

इस अभियान का मकसद हाल ही में हूती लड़ाकों के कब्जे में गए यमनी इलाकों को वापस लेना है। हूती लड़ाके पिछले महीने तेजी से आगे बढ़े थे और बाब अल-मंदेब को प्रभावित करने वाले इलाके पर कब्जा जमा लिया था। फिलहाल दो रणनीतियों पर विचार किया जा रहा है। पहला बाब अल-मंदेब इलाके को केंद्र में रखकर लक्षित हमले करना या फिर अल-बैदा, मारिब, ताइज और अल जौफ प्रांतों में एक साथ हमले करने वाला व्यापक अभियान चलाना शामिल है।

1 लाख से ज्यादा यमनी सैनिक होंगे तैनात

अभियान की जानकारी रखने वाले क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार, इसमें 1 लाख से ज्यादा यमनी सैनिकों को तैनात किया जा सकता है। रियाद का मानना है कि जब तक हूती चरमपंथी बाब अल-मंदेब पर नियंत्रण बनाए हुए हैं, तब तक यमनी समूह के साथ शांति वार्ता के लिए आगे नहीं बढ़ सकता।

बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य लाल सागर का दक्षिणी चोक पॉइंट है, जो इसे अरब सागर और आगे हिंद महासागर से जोड़ता है। यह दुनिया के सबसे व्यस्ति शिपिंग रूट में से एक है। इस साल अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के बाद यह और भी महत्वपूर्ण हो गया है।
Advertisement