सरकंडा के चटर्जी गली निवासी सीताराम गुप्ता (68) पिता केदार प्रसाद गुप्ता पुलिस विभाग से सब इंस्पेक्टर पद से रिटायर हुए थे। घर में वो अपनी पत्नी के साथ रहते थे। उनके चार बेटे और एक बेटी है। सभी बेटे और बेटी की शादी हो चुकी है। लेकिन, बेटे घर से अलग रहते थे। बुधवार की शाम वो घर पर ही थे। इस दौरान वो अपने कमरे की तरफ गए।
घबराई पत्नी ने बेटों और पड़ोसियों को दी जानकारी
देर शाम तक उनका कुछ पता नहीं चला तब उनकी पत्नी आवाज लगाते हुए कमरे तक पहुंची। इस दौरान कमरा अंदर से बंद था। उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा, तब हैरान रह गई। अंदर कमरे में उनके पति की लाश फंदे पर लटक रही थी। यह नजारा देखकर घबराई पत्नी ने अपने बेटों और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी।
सुसाइड नोट नहीं मिला, आत्महत्या के कारणों का पता नही
टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि, रिटायर्ड पुलिसकर्मी के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी मिली, तब पुलिस की टीम को मौके पर भेजा गया। घर की तलाशी लेने पर कोई सुसाइड नोट या ऐसा कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता चल सके। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी में शिफ्ट करा दिया है।
परिजनों के बयान दर्ज, हर एंगल से जांच
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि मामले में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल, आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटना स्थल से मिले तथ्यों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।











