लोकल-ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रेल रोको आंदोलन:भिलाई-3 में C-D केबिन स्टेशन पर जुटेंगे ग्रामीण

लोकल-ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रेल रोको आंदोलन:भिलाई-3 में C-D केबिन स्टेशन पर जुटेंगे ग्रामीण
दुर्ग-भिलाई, भिलाई-3 क्षेत्र में लोकल ट्रेनों के बंद किए गए ठहराव को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने सुबह 9 बजे रेल रोको आंदोलन करने का ऐलान किया है। आंदोलन भिलाई-3 के सी केबिन और डी केबिन स्टेशन पर किया जाएगा। इसमें देवबलौदा, जी. केबिन और चरोदा क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की बात कही जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि लोकल ट्रेनों का ठहराव बंद होने से आसपास के गांवों और भिलाई-3 क्षेत्र से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। नौकरी, मजदूरी, व्यापार और पढ़ाई के लिए रोज ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए लोकल ट्रेन महत्वपूर्ण साधन है। ठहराव बंद होने के बाद यात्रियों को दूसरे स्टेशनों तक जाने या दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने आंदोलन का निर्णय लिया है। रेल रोको आंदोलन के दौरान रेलवे प्रशासन के सामने स्थानीय यात्रियों की समस्याएं रखी जाएंगी। ग्रामीणों की प्रमुख मांग बंद किए गए लोकल ट्रेनों के ठहराव को तत्काल बहाल करना है।

सुरक्षा के लिए GRP-RPF की तैनाती

आंदोलन की सूचना के बाद रेलवे और पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में GRP और RPF के जवान तैनात किए जाएंगे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। आंदोलन के दौरान स्टेशन परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मौजूद रहेगा।

रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका

ग्रामीणों के रेल रोको आंदोलन से रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका है। यदि प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर पहुंचते हैं तो लोकल के साथ अन्य यात्री ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हो सकता है। रेलवे प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है। यात्रियों को भिलाई-3 क्षेत्र के स्टेशनों पर आवाजाही के दौरान संभावित बदलाव को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है।

Advertisement